राजस्थान सरकार सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय कोटा, रीट परीक्षार्थियों के आवास, भोजन आदि व्यवस्था के लिए आगे आये सामाजिक, नागरिक संगठन

शिवकुमार शर्मा
कोटा |

परीक्षार्थियों को जन सहयोग से पूरी करेंगे मूलभूत सुविधाऐं - जिला कलक्टर
जिला कलक्टर उज्ज्वल राठौड़ ने कहा कि आगामी रीट परीक्षा के दौरान कोटा में बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाऐं उपलब्ध कराने में सामाजिक संगठन एवं संस्थाऐं स्वप्रेरित होकर आगे आऐं।
जिला कलक्टर बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में रीट परीक्षा-2021 की तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक संगठनों एवं नागरिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रीट परीक्षा के दौरान जिले में लगभग 50 हजार परीक्षार्थी एवं अभिभावकों के आने की संभावना है जिनके लिए प्रशासन द्वारा सात स्थानों पर ठहरने की व्यवस्था की है तथा आवागमन के लिए अतिरिक्त विशेष बसें एवं ट्रेनों का संचालन भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शहर में आवागमन के लिए 1 हजार ऑटो एवं मिनी बस संचालित किए जाने हैं। उन्होंने सभी संस्थाओं को युवाओं के भविष्य के लिए उनके ठहराव एवं भोजन आदि की व्यवस्था के लिए स्वप्रेरित होकर आगे आने का आव्हान करते हुए कहा कि सामाजिक स्तर पर बने हुए सोशल मीडिया के ग्रुपों में की जा रही व्यवस्थाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करें।
उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाला कोई भी परीक्षार्थी यातायात व्यवस्था के कारण परीक्षा से वंचित नहीं रहे इसके लिए सामाजिक स्तर पर भी उन्हें सहयोग प्रदान करें। विभिन्न सामाजिक भवनों, धार्मिक स्थलों में मूलभूत सुविधाओं के साथ ठहराव के लिए व्यवस्था बनायें जिससे कोई भी परीक्षार्थी परेशान नहीं हो। उन्होंने विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों द्वारा सर्व समाज के परीक्षार्थियों के लिए ठहरने एवं भोजन आदि के प्रबन्ध के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सभी समाज सभी परीक्षार्थियों को सुविधा उपलब्ध करायें। उन्होंने कहा कि होटल एवं हॉस्टल संचालक भी उपलब्ध स्पेस का अधिक से अधिक उपयोग कर एक-दूसरे का सहयोग करें जिससे रिक्त कक्षों में परीक्षार्थी ठहर सकें। उन्होंने मैस संचालकों, रेस्टोरेंट संचालकों को भी 25 व 26 सितम्बर को अतिरिक्त व्यवस्था करने का आव्हान किया।
बैठक में अतिरिक्त कलक्टर शहर डॉ. महेन्द्र लोढ़ा, प्रशासन राजकुमार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर प्रवीण जैन, ग्रामीण पारस जैन, उपधीक्षक नगर निगम जसवीर मीणा, बस ऑपरेटरर्स, हॉस्टल एसोसिएशन, कोचिंग, होटल एसोसिएशन, धार्मिक सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ये रहेगी व्यवस्थाऐं-
-बस स्टेण्ड एवं रेलवे स्टेशन पर एलन स्टूडेंट वेलफेयर सोसायटी द्वारा हेल्पडेस्क लगाई जाकर शहर में सामाजिक धार्मिक संस्थाओं एवं प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों के ठहरने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी देंगे।
-शहर में सात स्थानों पर जिला प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों के ठहरने की व्यवस्था की जायेगी।
-शहर के सामाजिक संस्थाओं बने भवनों में सामाजिक संगठनों द्वारा ठहरने व भोजन आदि की व्यवस्था की जायेगी।
-नागरिक संगठन भी अपने स्तर पर विभिन्न स्थानों पर परीक्षार्थियों के ठहरने के लिए सोशल मीडिया पर जानकारी देंगे।
-धार्मिक स्थानों पर परीक्षार्थियों के ठहरने के लिए भी व्यवस्थाऐं की जायेंगी।
-यातायात व्यवस्था के लिए भी अनेक सामाजिक संस्थाओं द्वारा बस स्टेण्ड एवं रेलवे स्टेशन से ठहराव स्थल तक के लिए वाहन संचालित किए जायेंगे।
-होटल एसोसिएशन शहर के 200 होटलो में ऑनलाईन बुकिंग के साथ सोशल ग्रुप बनाकर एक-दूसरे का सहयोग करेंगे।