जयपुर। उदयपुर की हत्याकांड में मारे गये कन्हैया लाल के दोनों बेटों को राजस्थान सरकार ने सरकारी नौकरी देने का फैसला लिया है। आज कैबिनेट की बैठक में इस मामले को संवेदनशील मानते हुए प्रस्ताव पारित किया गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ट्विट करके इस बात की जानकारी दी हैं। सीएम गहलोत ने ट्विट करते हुए कहा कि मंत्रीमंडल की बैठक में यह संवेदनशील फैसला लिया गया है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, उदयपुर घटना में मृतक श्री कन्हैयालाल के पुत्रों को सरकारी नौकरी दिलाने में शिथिलता प्रदान करने सहित कई अहम निर्णय लिए गए हैं। मंत्रिमंडल ने संवेदनशील निर्णय लेते हुए उदयपुर की आतंकी घटना में मृतक श्री कन्हैयालाल तेली के पुत्र यश तेली और तरूण तेली को राजकीय सेवा में नियुक्ति देने का निर्णय लिया है। नियुक्ति के लिए नियमों में शिथिलता दी गई है। यह नियुक्ति राजस्थान अधीनस्थ कार्यालय लिपिकवर्गीय सेवा (संशोधन) नियम, 2008 एवं 2009 के नियम 6ग के अंतर्गत प्रदान की जाएगी।
गहलोत ने एक अन्य ट्विट में कहा कि, आतंक फैलाने वाली इस जघन्य घटना के कारण मृतक के परिवार में जीविकोपार्जन का अन्य कोई स्त्रोत नहीं होने से आश्रितों को नियुक्ति दिए जाने पर जीवनयापन सुचारू रूप से चलेगा। परिवार को आर्थिक एवं मानसिक संबल प्राप्त होगा।
गौरतलब है कि निलंबित भाजपा प्रवक्ता नूपुर शर्मा के समर्थन में पोस्ट करने पर उदयपुर में दर्जी कन्हैया लाल की दो आतंकियों ने गला काट कर नृशंस हत्या कर दी थी।