जयपुर। राजस्थान के जलदाय मंत्री महेश जोशी के बेटे पर दर्ज रेप केस में सोमवार को एक नया मोड आ गया जब दिल्ली पुलिस ने इस केस की कमान अपने हाथ ले ली। लग रहा है अब मंत्री पुत्र की मुसीबतें बढ़ने वाली हैं। सूत्रों के मुताबिक अब दिल्ली पुलिस ही इस पूरे मामले में जांच पड़ताल करेगी। वहीं, राजस्थान पुलिस इस मामले में कोई दखल नहीं देगी।
इससे पहले युवती ने दिल्ली के सदर बाजार पुलिस थाने में मंत्रीपुत्र रोहित जोशी के पर एफआईआर दर्ज करवाई थी। सोमवार को रोहित के खिलाफ रेप का केस दर्ज कर लिया गया है। अब इस मामले की जांच एक महिला पुलिस अधिकारी को सौंपी गई है।
सात धाराओं के तहत मामला दर्ज
सूत्रों के मुताबिक आज सोमवार को पीडित युवती ने आरोपी के खिलाफ मजिस्ट्रेट के सामने धारा 164 के तहत अपने बयान दर्ज करवाये जिसके आधार पर रोहित जोशी पर रेप, अप्राकृतिक रेप, ब्लैकमेलिंग एवं मारपीट सहित कुल सात गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। सदर बाजार पुलिस थाने में 338 नंबर की एफआईआर में 376, 377, 366, 312, 506, 509 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है। सदर थाने में मामला दर्ज होने के बाद अब दिल्ली पुलिस कभी भी रोहित जोशी को गिरफ्तार करने जयपुर दस्तक दे सकती है।
मंत्री पद पर भी लटक सकती है तलवार
दूसरी तरफ मंत्री महेश जोशी के मंत्रीपद पर इस मामले में गाज गिर सकती है। कांग्रेस पार्टी के नाम बदनाम होने के डर से मुख्यमंत्री गहलोत बड़ा फैसला ले सकते हैं। हो सकता है मंत्री से इस्तीफा मांग लिया जाये।