राजस्थान का मध्य प्रदेश से कटा संपर्क, पार्वती नदी में फिर आया उफान, स्टेट हाईवे 70 अवरुद्ध

राजस्थान का मध्य प्रदेश से कटा संपर्क, पार्वती नदी में फिर आया उफान, स्टेट हाईवे 70 अवरुद्ध

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
कोटा राजस्थान

इटावा (कोटा) 15 जुलाई, जिले के इटावा उपखंड क्षेत्र के खातोली के पास से निकल रही पार्वती नदी में शुक्रवार को एक बार फिर उफान आ गया. नदी में पानी की चादर चलने के साथ ही राजस्थान और मध्यप्रदेश का संपर्क कट गया. जिससे स्टेट हाइवे 70 भी अवरुद्ध हो गया.
मध्यप्रदेश में लगातार हो रही बारिश का असर इस नदी पर देखने को मिला है. मध्यप्रदेश में बारिश के चलते राजस्थान के खातोली के पास से निकल रही इस पार्वती नदी में उफान आ गया है. नदी की पुलिया पर 1 फीट पानी की चादर चल रही है. लगातार पानी का जलस्तर बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है. वहीं नदी की पुलिया पर पानी आने के साथ ही खातोली थाने का जाप्ता थाना अधिकारी रामस्वरूप राठौर के नेतृत्व में मौके पर पहुंचा. वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण रूप से रोक लगाकर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है.
खातोली थानाधिकारी रामस्वरूप राठौर ने बताया कि शुक्रवार को जैसे ही नदी में पानी का जलस्तर बढ़ने व पुलिया पर पानी आने की जानकारी मिली, मौके पर पहुंचकर वाहनों का आवागमन बंद करवा दिया गया. नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिसके चलते लोगों से नदी के किनारों पर नहीं जाने की अपील है. बता दें कि मंगलवार को भी नदी में पानी आ गया था, जिससे करीब 12 घंटे तक राजमार्ग अवरुद्ध रहा था.