संवाददाता शिवकुमार शर्मा
कोटा |
भाजपा शासन में 9 करोड़ की लागत से छत्रपति शिवाजी उद्यान का निर्माण कार्य प्रारम्भ हुआ, राज बदलने के बाद निर्माण कार्य धीमी गति से 3 वर्षों तक चलता रहा, डेढ़ वर्ष पूर्व छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा भी लगकर कपड़े में लिपटी रही और लोग बेसब्री से पार्क के लोकार्पण का इंतजार करते रहे। वहीं स्वायत्त शासन मंत्री कोटा के फ्लाई आॅवर अण्डर पास, रिवर फ्रंट पर ही ध्यान देते रहे लेकिन भाजपा शासन में निर्माणाधीन छत्रपति शिवाजी उद्यान और राजनगर के पास स्मृति वन बरसों तक उपेक्षित पड़े रहे। पूर्व संसदीय सचिव भवानी सिंह राजावत ने आज जनभावनाओं का आदर करते हुए पुलिस की नाक के नीचे, थाने से 10 कदम पर ही पेडस्टल पर चढ़कर शिवाजी महाराज की मूर्ति पर पड़े हुए पर्दे को फाड़कर फैंक दिया और सैंकड़ों लोगों के साथ पार्क का भी लोकार्पण कर दिया, राजावत अपने समर्थकों के साथ आधे घण्टे तक मूर्ति का अनावरण और लोकार्पण करते रहे और पुलिस सोती रही, अनावरण पूरा होने के बाद जब सूचना मिली तो पुलिस में हडकम्प मच गया।
मूर्ति अनावरण करते समय उपस्थिति लोगों को सम्बोधित करते हुए राजावत ने कहा कि लगभग डेढ़ दो लाख की आबादी में अभी तक एक भी उद्यान नहीं था, भाजपा शासन में हमने ही पहल करके जहां नहर के रिसाव का पानी भरता था उस उजाड़ जगह को समतल करवाकर उद्यान निर्माण प्रारम्भ करवाया, इसके बाद लोगों की इच्छा के अनुरूप छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा भी स्थापित करवा दी लेकिन डेढ़ दो वर्ष से वह भी अनावरण की प्रतीक्षा में थी। इसी प्रकार राजनगर के पास लगभग 200 बीघा भूमि जिस पर झाड़ उगे हुए थे वहां पर सुंदर स्मृति वन का निर्माण कार्य हमने प्रारम्भ करवाया और यह दोनों ही उद्यान इस क्षेत्र में रहने वाले 2 लाख लोगों के लिए वरदान साबित होने वाले हैं। राज्य के स्वायत्त शासन मंत्री शहर के चैराहों के सौंदर्यीकरण, आॅवर ब्रिज, अण्डर पास, रिवर फ्रन्ट को प्राथमिकता दे रहे हैं लेकिन शहर की घनी आबादी में लोगों के घूमने और बच्चों के खेलने के लिए उपयोगी होने वाले इन पार्कों का निर्माण पूरा होकर लोकार्पण का मार्ग भी प्रशस्त होना चाहिए, पूरे शहर के सौंदर्यीकरण और विकास में संतुलन होना चाहिए, क्षेत्र की उपेक्षा के कारण आज मजबूरी में हमें लोकार्पण व अनावरण का कार्यक्रम करना पड़ा। इस अवसर पर पूर्व मण्डल अध्यक्ष मनीष गालव, पूर्व मण्डल अध्यक्ष कान सिंह, मालव समाज के अध्यक्ष रमेश मालव, एससी मोर्चा के उपाध्यक्ष पंकज घेंघट, मण्डल महामंत्री मुकेश राजावत, गाडिया लुहार संघ के प्रदेश मंत्री घासी लुहार, युवा नेता जयराज सिंह हाड़ा, कुलदीप सिंह, रणजीतसिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।