रीबूट जिम ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज कराया नाम

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
कोटा |

कोटा में लगातार 51 घंटे हुआ जिम

कोटा हर क्षेत्र में अनूठे मुकाम स्थापित कर रहा है। शिक्षा, सिनेमा के साथ अब फिटनेस के मामले में भी कोटा चर्चा में आया है। यहां के रिबूट फिटनेस क्लब ने अनूठी प्रतिस्पर्धा कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज करवाया है।
रिबूट फिटनेस क्लब के डायरेक्टर अनिकेत जैन ने बताया कि क्लब द्वारा सबसे लम्बी अवधि की जिम ट्रेनिंग की रिले मैराथन आयोजित की गई। इसके तहत लगातार 51 घंटों तक नॉनस्टॉप जिम की ट्रेनिंग करवाई गई। रविवार को सुबह 8 बजे पूरे हुए 51 घंटों का यह रिकॉर्ड इंडिया ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। इससे पहले ये रिकॉर्ड अमरीका के एक जिम के नाम था। कोटा में हुई 51 घंटे की जिम ट्रेनिंग को यूट्यूब पर लाइव भी दिखाया गया। फिट इंडिया मुहिम से प्रेरित होकर आयोजित की गई इस फिटनेस इवेंट में शहर के जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी शामिल हुए। इसमें कोटा दक्षिण नगर निगम के उपमहापौर पवन मीणा, कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन, एडिशनल डिवीजनल कमिश्नर अनुराग भार्गव, वरिष्ठ पार्षद विवेक राजवंशी, इंटरनेशनल हॉकी प्लेयर काबुल सिंह और नेशनल खिलाड़ी यादवेंद्र सिंह बरार भी मौजूद रहे।
अनिकेत जैन ने बताया कि यह टाइटल कोटा शहर के फिटनेस प्रेमियों को समर्पित है। इसके माध्यम से हम शहरवासियों में सेहत के प्रति जागरूकता लाना चाहते हैं। कार्यक्रम में प्रोटीन प्लानेट से कैलाश विश्नानी ने सभी ट्रैनर्स का सम्मान किया।