REET Exam 2022: 46,500 पदों के लिए चार पारियों में होगी शिक्षक भर्ती परीक्षा

जयपुर। राजस्थान में 23 जुलाई और 24 जुलाई को 46 हजार 500 पदों के लिए राजस्थान शिक्षण भर्ती पात्रता परीक्षा (रीट) चार पारियों में आयोजित की जायेगी। इस शिक्षक भर्ती परीक्षा में 15 लाख 66 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। विशाल भर्ती परीक्षा को बिना किसी व्यवधान के आयोजित करवाने के लिए बोर्ड एवं सरकार कडी सर्तकता बरत रही है। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने छात्रों की बडी संख्या देखते हुए 1376 परीक्षा केंद्र बनाये गये हैं। बता दें यह परीक्षा केवल पात्रता परीक्षा होगी, जिसमें अभ्यर्थियों को पास होने के लिए 60 फीसदी अंक लाना आवश्यक होगा। इससे कम अंक लाने वालों को असफल माना जाएगा।

60 फीसदी से ज्यादा अंक वालों को देनी होगी एक और परीक्षा
जो अभ्यर्थी पात्रता परीक्षा में 60 प्रतिशत या इससे अधिक अंक प्राप्त करेगा उसे शिक्षक बनने के लिए एक और परीक्षा देनी होगी। अंतिम परीक्षा में वरीयता के आधार पर सलेक्शन किया जायेगा।

परीक्षा केंद्र पर बैन होंगी ये वस्तुऐं

परीक्षा में किसी प्रकार की गडबडी ना हो इसके लिए बोर्ड ने कडे नियम लागू किये हैं। बोर्ड ने अभ्यर्थियों को स्पष्ट निर्देश दिये हैं कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, बैग, किताब, दुपट्टा, कैलक्यूलेटर और कागज नहीं ले जा सकेंगे। महिला अभ्यर्थियों को चेन, ईयर रिंग, अंगूठी, मोटे सोल के जूते, कड़े और सैंडल पहनने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा अभ्यर्थी आधी बांह की शर्ट, टी-शर्ट, कुर्ता व कुर्ती पहनकर ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। अन्य कोई कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।