विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में विभिन्न योजनाओं में पंजीकरण, दिखा उत्साह

कोटा 21 दिसम्बर। विकसित भारत संकल्प यात्रा गुरूवार को पंचायत समिति लाडपुरा के अरंडखेडा व बनियानी, पंचायत समिति इटावा के लुहावद व शहनावदा, पंचायत समिति सांगोद के मोरूकलां व कनवास, पंचायत समिति सुल्तानपुर के सारोला व अमरपुरा तथा पंचायत समिति खैराबाद के खेडली व घाटोली में पहुंची।


जिला नोडल अधिकारी ममता तिवाडी ने बताया कि शिविरों में स्थानीय प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। विकसित भारत संकल्प यात्रा में ग्रामीण जनों को भारत सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का फिल्म द्वारा प्रदर्शन दिया गया तथा योजनाओं में लाभान्वित लाभार्थियों द्वारा मेरी कहानी मेरी जुबानी का प्राप्त लाभ के बारे में बताया गया। कृषि विभाग द्वारा ड्रोन प्रदर्शन, सोईल हेल्थ कार्ड प्रदर्शन, प्रगतिशील किसान द्वारा जैविक खेती के सम्बंध में विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षा विभाग धरती कहे पुकार थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया।

शिविरों में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच एवं संबंधित योजनाओं में लाभ प्राप्त किया। आयुष्मान कार्ड का मौके पर पंजीकरण किया गया। एचपी गैस एजेन्सी द्वारा उज्ज्वला योजना में रजिस्ट्रेशन कर गेस कनेक्शन जारी किये गये। कृषि विभाग एवं लीड बैंक बीआरकेजीबी द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड पंजीयन कर वितरण किया गया।

शहरी क्षेत्र के नागरिकों को मिल रहा लाभ-
जिला नोडल अधिकारी ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत कोटा उत्तर क्षेत्र में नयापुरा बस स्टेंड व प्राइवेट बस स्टेंड किशोरपुरा तालाब पर शिविर आयोजित किया गया। जिसमें शहर के नागरिकों ने अधिक संख्या में भाग लिया एवं लाभार्थियों ने मेरी कहानी मेरी जुबानी के माध्यम से अपने अनुभव साझा किए। शिविर में नागरिको को उज्जवला योजना, जन आयुषी योजना, स्वच्छ भारत मिशन, सौभाग्य योजना एवं अन्य सभी योजनाओं की जानकारी देकर पात्रजनों को लाभान्वित किया। उत्कृष्ठ कार्य करने वाले छात्रों एवं महिलाओं को शिविर मे जन प्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया।