जल जीवन मिशन के तहत समीक्षा बैठक आयोजित
जल जीवन मिशन के तहत समीक्षा बैठक आयोजित
ब्यूरो चीफ शिवकुमार शर्मा
बारां कोटा संभाग
बारां, 4 जनवरी। जिला कलक्टर नरेन्द्र गुप्ता की अध्यक्षता में जल जीवन मिशन के तहत समीक्षा बैठक मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित हुई। जिला कलक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्रामवासियों को इस महत्वपूर्ण योजना के बारे में जागरूक कर अंशदान की राशि में वृद्धि की दिशा में कार्य को गति देने की आवश्यक्ता है।
बैठक में जिला जल एवं स्वच्छता समिति के माध्यम से आमजन को हर घर नल की महत्वपूर्ण योजना के बारे में जागरूक करने के साथ अंशदान के माध्यम से सहभागिता के संबंध में चर्चा कर निर्देश प्रदान किए गए। जल जीवन मिशन के तहत योजना से जुडे इम्प्लीमेंटेशन सपोर्ट एजेंसी (आईएसए) ने बताया कि जिले में पिछले माह प्राप्त 10 लाख 47 हजार 580 रूपए की राशि सहित अब तक आमजन कि सहभागिता से हर घर नल की योजना को साकार करने के लिए 1 करोड 10 लाख 62 हजार 491 रूपए की राशि अंशदान के रूप में प्राप्त कर ली गई है। जिला कलक्टर ने उक्त योजना की सफलता के लिए पंचायती राज विभाग, पीएचईडी, शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए वांछित लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। बैठक में एसई पीएचईडी रामनिवास मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।