भारत में बढ़ते प्रदूषण से बढ़ रहा मौत का आंकड़ा, शोध में आये चौकानें वाले आंकडे

जयपुर। भारत के बडे शहरों में प्रदूषण लगातार बढ़ता जा रहा है। साथ ही प्रदूषण से मौत का आंकडा बढ़ता जा रहा है। हाल ही में ब्रिटेन में हुए एक शोध से पता चला है कि भारत के बड़े शहरों लगातार बढ़े वायु प्रदूषण से कम उम्र में लोगों की होने वाली मौत के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले कुछ सालों में यह संख्या लगभग एक लाख से अधिक तक पहुंच गई है।

यूनिवर्सिटी ऑफ बर्मिंघम और यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन में हुए एक रिसर्च को 'साइंस एडवांसेस' में पब्लिश किया गया जिससे पता चलता है कि पिछले करीब 14 साल में दुनिया के उष्णकटिबंधीय शहरों में 1,80,000 लोगों की मौत वायु प्रदूषण के कारण हो गई। रिसर्च के मुताबिक प्रदूषण के हुई जिन लोगों की जान गई उन्हें बचाया जा सकता था।

भारत के इन शहरों में एक लाख मामले से ज्यादा
'साइंस एडवांसेस' की रिपोर्ट के अनुसार भारत में मुंबई, बेंगलुरू, कोलकाता, हैदराबाद, चेन्नई, सूरत, पुणे और अहमदाबाद में ऐसे कुल एक लाख मामले सामने आ चुके हैं जहां लोगों की वायु प्रदूषण के कारण जान गई हैं। इसके अलावा दक्षिण एशिया के शहरों में वायु प्रदूषण के प्रकोप से कम आयु में लोगों की मौत के मामले बढ़े हैं।
प्रमुख शोधकर्ता डॉक्टर कर्ण वोहरा ने बढ़ते वायु प्रदूषण का कारण बताते हुए कहा कि, जमीन साफ करने और कृषि की पराली के निस्तारण के लिए जैव ईंधन को खुलेआम जलाना के कारण वायु प्रदूषण तेजी से फैल रहा है।