नाकाबंदी के दौरान 40 लाख रूपए जब्त

बारां, 7 नवंबर। विधानसभा चुनाव के तहत एफएसटी टीम ने सोमवार रात को फतेहपुर टोल के समीप नाकाबंदी के दौरान कार्यवाही करते हुए वहां से गुजर रही एक कार को रोककर उसकी तलाशी ली जिसमें कार मेें सवार व्यक्ति से 39 लाख 97 हजार 500 रूपए की राशि बरामद की गई। बाद मंे आयकर विभाग की टीम ने इस राशि को जब्त कर लिया। उपखंड अधिकारी दीपक मित्तल ने बताया कि एफएसटी टीम की फतेहपुर टोल प्लाजा पर नाकाबंदी के दौरान बारां से किशनगंज की ओर जा रही एक कार को रोककर उसकी जांच की गई। इस दौरान कार में 39 लाख  97 हजार 500 रूपए की नगदी मिली। कार सवार जिले के नाहरगढ़ कस्बा निवासी व्यापारी से पूछताछ की गई। जिसके बारे में व्यापारी की ओर से मौके पर संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया। इस पर उच्चाधिकारियों व आयकर विभाग को सूचित किया गया। बाद में आयकर विभाग की टीम ने राशि जब्त कर ली।