जयपुर। राजस्थान में जल्द ही मंत्रिमंडल में फेरबलद होने वाला है। राजनैतिक नियुक्तियों और मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर दिल्ली में लगातार बैठकें चल रही हैं। इस बीच राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने एक वीडियो जारी करके कार्यकर्ताओं की पार्टी में भागीदारी की मांग की है। सचिन पायलट ने देर रात वीडियो ट्वीट कर अपनी मांगों पर रुख साफ करने के साथ अपने समर्थकों को भी साफ मैसेज देने की कोशिश की है।
सचिन पायलट ने कहा कि जब वे विपक्ष में थे उस समय कार्यकर्ताओं ने पार्टी में अहम योगदान दिया और उनकी भागीदारी पार्टी में सुनिश्चत होनी चाहिए।
पायलट ने वीडियो में खुलकर कहा कि हम शुरू से ही कार्यकर्ताओं के सम्मान की बात करते आये हैं। जहां जहां जरूरत है, वहां बदलाव करने की मांग हम शुरू से करते आए हैं। उन्होंने कहा कि मैं फिर दोहरा रहा हूं कि अब लगभग तीन साल हो गए हैं। जो कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं और जिन्होंने कांग्रेस के लिए सब कुछ दिया उन्हें सरकार में भागीदारी मिलनी चाहिए। पायलट ने कहा कि नेता लोग तो भाषण देकर चले जाते हैं लेकिन बाद में बूथ पर सारी लडाई कार्यकर्ता ही करते हैं। उन लोगों को मान सम्मान देने की लड़ाई और संघर्ष की बात मैंने रखी थी। उस पर मैं आज भी कायम हूं।
पायलट ने कहा अब अगले चुनावों में मात्र 22 से 23 महिने ही बचे हैं। और जल्द ही ये मांगे पूरी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चाहे राजनीतिक नियुक्तियां हों या भागीदारी की बात हो, जिन्होंने समर्पित भाव से भाजपा की सरकार को हराने का काम किया है, इतने सारे वर्कर्स को लगना चाहिए कि सरकार में हमारी भागीदारी है।