समाजवादी पार्टी और भीम आर्मी नहीं करेगी गठबंधन, चंद्रशेखर ने कहा अखिलेश दलितों का सपोर्ट नही चाहते

जयपुर। भीम आर्मी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने समाजवादी पार्टी से गठबंधन करने के लिए मना किया है। चंद्रशेखर ने शनिवार को कहा कि उनका राजनीतिक संगठन - आजाद समाज पार्टी - अगले महीने होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन नहीं करेगा। चंद्रशेखर ने कहा कि समाजवादी प्रमुख अखिलेश यादव दलितों का समर्थन नहीं चाहते हैं।

चंद्रशेखर ने कहा कि सीट बंटवारे पर चर्चा के लिए समाजवादी पार्टी प्रमुख से हमने मुलाकात की तो अखिलेश जी ने हमें अपमानित किया और कहा, कल अखिलेश जी ने बहुजन समाज को अपमानित किया.''

चंद्रशेखर ने कहा कि "अंत में, मुझे लगा कि अखिलेश जी इस गठबंधन में दलित नेताओं को नहीं चाहते… उन्हें केवल दलित वोट चाहिए। मेरा डर यह था कि अगर दलित उन्हें वोट देते हैं और वह सरकार बनाते हैं, तो हम उनसे बात नहीं कर पाएंगे। अगर हमें पीटा जाता है, अगर हमारी जमीन चोरी हो जाती है और हमारी महिलाओं का बलात्कार होता हैं और अगर हम अपनी समस्याओं के बारे में बताएगें तो वो हमारी मदद नहीं करेंगे।
वहीं सूत्रों का मानना है कि अखिलेश यादव ने आजाद समाज पार्टी को तीन सीटों की पेशकश की, लेकिन चंद्रशेखर आजाद 10 सीटों की मांग कर रहे थे और बीच का रास्ता नहीं बनाया जा सका।
चंद्रशेखर ने कहा कि, "अखिलेश जी ने हमें एक महीने पहले कहा था कि हम एक साथ चुनाव लड़ेंगे। मैं यहां दो दिनों के लिए अपनी संयुक्त लड़ाई पर चर्चा करने के लिए आया था। मैं भाजपा को रोकने के लिए अखिलेश जी के साथ जुड़ना चाहता था, लेकिन वह दलितों को प्रतिनिधित्व नहीं देना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "मैं दो दिनों में अपने अगले कदम के बारे में फैसला करूंगा… जल्द ही तीसरा मोर्चा तैयार हो सकता है।"