Samsung Galaxy A54 5G और Galaxy A34 5G की लॉन्च डेट सामने आयीं, दमदार फीचर्स हैं लैस
जयपुर। इस साल की शुरुआत में गैलेक्सी ए14 के लॉन्च के बाद, सैमसंग अब देश में गैलेक्सी ए54 5जी और गैलेक्सी ए34 5जी स्मार्टफोन लॉन्च करने के लिए तैयार है। इन हैंडसेट को पहले कई सर्टिफिकेशन वेबसाइट्स पर देखा जा चुका है। कई लीक में आने वाले स्मार्टफोन के डिजाइन, फीचर्स, स्पेसिफिकेशन और संभावित कीमतों का खुलासा हुआ है। अब कंपनी ने इन दोनों स्मार्टफोन के लॉन्च होने की आधिकारिक डेट जारी कर दी है। सैमसंग ने 16 मार्च को भारत में गैलेक्सी A34 5G और गैलेक्सी A54 5G स्मार्टफोन के लॉन्च को आधिकारिक तौर पर टीज़ किया है। टीज़र एक तस्वीर के साथ है, जिसमें कहा गया है कि यह लॉन्च दोपहर 12 बजे होगा।
बता दें कि लॉन्च से पहले ही इन दोनो स्मार्टफोन्स की खास जानकारियां लीक हो चुकी हैं। कलर वेरिएंट का भी पता चल चुका है। Samsung Galaxy A54 5G और Galaxy A34 5G कथित तौर पर लाइम ग्रीन, पर्पल और ब्लैक कलर ऑप्शन में उपलब्ध होंगे। गैलेक्सी ए54 5जी का चौथा व्हाइट शेड भी होगा, जबकि गैलेक्सी ए34 5जी में ग्रेडिएंट ह्यू कलर ऑप्शन होगा। इसके अतिरिक्त, दोनों फोन के फ्रंट और बैक पैनल दोनों पर पूरी तरह से फ्लैट डिजाइन होने की उम्मीद है। दोनों स्मार्टफोन में ट्रिपल कैमरा रियर मॉड्यूल भी होगा।
इसके अलावा, रिपोर्ट स्मार्टफोन के दीवानों को फोन के अन्य प्रमुख स्पेसिफिकेशंस की एक झलक भी देती है। Samsung Galaxy A54 5G में 6.4-इंच AMOLED स्क्रीन के साथ फुल-एचडी रिज़ॉल्यूशन और 120Hz रिफ्रेश रेट की सुविधा दी गई है। फोन सैमसंग Exynos 1380 ऑक्टा-कोर SoC के साथ आयेगा। वहीं, कैमरे के मामले में 50-मेगापिक्सल का प्राथमिक सेंसर, इसके बाद 8-मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड एंगल कैमरा और 2-मेगापिक्सल डेप्थ सेंसर हो सकता है।
दूसरी ओर, गैलेक्सी ए34 5जी में 6.6 इंच की सुपर एमोलेड स्क्रीन और मीडियाटेक एमटी6877वी ऑक्टा-कोर एसओसी होने की संभावना है। रिपोर्ट के अनुसार, यह 48-मेगापिक्सल के मुख्य कैमरे के साथ 8-मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड एंगल कैमरा और 5-मेगापिक्सल का तृतीयक कैमरा से लैस होगा।