शिवकुमार शर्मा
कोटा |
नगर विकास न्यास के मंथन सभागार में मंगलवार को न्यास सचिव राजेश जोशी की अध्यक्षता में प्रशासन शहरों के संग अभियान-2021 की तैयारी के लिए बैठक का आयोजन किया गया।
न्यास सचिव ने कहा कि शहर में आगामी अभियान के अन्तर्गत कृषि भूमि कॉलोनियों का सर्वे एवं ऑनलाईन पट्टा पत्रावलियां आवेदित करवाने के लिए नगरीय विकास विभाग द्वारा 31 नगर मित्रों को अस्थाई रूप से पंजीकृत किया गया है। अस्थाई नगर मित्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने आगामी प्रशासन शहरों के संग अभियान में पूर्ण सहयोग कर जनता को अधिक से अधिक लाभ पंहुचाने का आव्हान किया हैं। उन्होंने नगर मित्रों को हिदायत दी कि वे सरकार द्वारा निर्धारित दरों से अधिक शुल्क नहीं लेवें एवं आगामी अभियान में पट्टा आवेदन से लेकर पट्टा जारी करने तक की पूरी कार्यवाही ऑनलाईन सम्पादित की जावेगी।
न्यास सचिव ने उपस्थित उपसचिवों, तहसीलदारों एवं वरिष्ठ नगर नियोजक को निर्देश दिये कि कृषि भूमि पर 2012-13 तक बस चुकी कॉलोनियों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ नियमित करते हुए उनमें पट्टे जारी करने की कार्यवाही सम्पादित की जाये और पूर्व के अभियानों में न्यास में पट्टे के लिए जमा करवाई गई पत्रावलियों पर भी तत्परता से कार्यवाही करते हुए भूखण्डधारकों से राशि न्यास कोष में जमा करवाकर उनके पट्टे भी शीघ्रता से जारी किये जावें।