स्व. महेश यादव व सजना यादव की द्वितीय पुण्यतिथि पर विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित
रक्तदान से बड़ा कोई पुण्य नहीं
स्व. महेश यादव व सजना यादव की द्वितीय पुण्यतिथि पर विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित
दो साल पहले शादी के 15 दिन बाद ही सडक़ हादसे में जान गंवाने वाले दम्पति की याद में युवाओं ने स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया
विजयपाल सैनी
शाहपुरा न्यूज - शाहपुरा कस्बे के खोरी रोड स्थित सूरज प्लाजा में बुधवार को जगदम्बा ग्रुप जन सेवा समिति के तत्वावधान में परमानन्द धाम के संत प्रहलाद दास महाराज, खोरी के हरिओम दास महाराज के सानिध्य में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित हुआ।
शिविर में कांग्रेस नेता मनीष यादव, विधायक आलोक बेनीवाल, चेयरमैन बंशीधर सैनी, भाजपा नेता देवायुष सिंह, पंचायत समिति सदस्य मुकेश गुर्जर ने बतौर अथिति शिरकत की। शिविर में युवाओं ने उत्साह से रक्तदान किया। शिविर में विभिन्न ब्लड बैंक की 4 टीमों पिंक सिटी ब्लड बैंक, डॉ.रामपाल ब्लड बैंक जयपुर, ममता ब्लड बैंक चौमूं व रजनीश ब्लड बैंक शाहपुरा ने करीब 467 यूनिट रक्त संग्रहित किया। इस दौरान रक्तदाताओं में रक्तदान के प्रति खासा उत्साह देखा गया।
शिविर में कांग्रेस नेता मनीष यादव ने कहा कि रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता आवश्यकता है। रक्त का कतरा कतरा अमूल्य है, जो किसी को नया जीवन प्रदान कर सकता है। रक्त दान करके हम समाज के ऐसे लोगों को जीवन दे सकते है जो रक्ताभाव में जीवन और मौत के संधर्ष में हार जाते है। विधायक आलोक बेनीवाल, भाजपा नेता देवायुष सिंह ने कहा कि रक्तदान करने से शरीर स्वस्थ रहता है। कई बार रक्त के अभाव में दुर्घटना में घायल दम तोड़ देते है। ऐसे शिविरों के माध्यम से एकत्रित रक्त उनके काम आ सकता है।
शिविर में अजित यादव, कमलेश यादव, मुकेश यादव, रोहिताश यादव, अशोक स्वामी, भरत सैनी, मुकेश गुर्जर, जयनारायण यादव, विक्रम यादव, बनवारी यादव, जालिम गुर्जर, सुरेश यादव समेत कई लोग मौजूद रहे।
शादी के 15 दिन बाद सडक़ हादसे में दम्पति की गई थी जान, परिजनों ने पेश की मिसाल
उल्लेखनीय है कि दो साल पहले 14 अक्टूबर 2020 को शाहपुरा निवासी महेश यादव शादी के 15 दिन बाद अपनी पत्नी सजना के साथ बाइक से अचरोल रिश्तेदारी में जा रहा था। रास्ते में हुए सडक़ हादसे में नवविवाहित दम्पति की मौत हो गई थी।
महेश अपनी सात बहनों का इकलौता भाई था।
इकलौते भाई व भाभी की द्वितीय पुण्यतिथि पर भी बहनों व अन्य परिजनों ने यह रक्तदान शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया और यह बीड़ा उठाकर रक्तदान शिविर आयोजित कर अनूठी मिसाल पेश की।
उनका कहना है कि दुघर्टना में कई बार रक्त की कमी से घायल की जान चली जाती है। किसी अन्य घायल की रक्त के अभाव में जान न जाए, इसलिए उन्होंने रक्तदान शिविर आयोजित किया है। शिविर में कई परिजनों और क्षेत्र के युवाओं ने रक्तदान किया।