संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी, 16 दिसंबर। उदालिया की डूंगरी स्थित शिव कॉलोनी पहुंचकर जिला कलक्टर रेणु जयपाल ने पीड़ित युवक की कुशलक्षेम जानी और घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को हौसला दिलाया और कहा कि डरे नहीं। कोई भी समस्या आने पर उन्हें बताएं।
उन्होंने परिजनों को युवक को अस्पताल में भर्ती कर उपचार लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि कोई भी समस्या आने पर उन्हें अवगत कराया जाए। साथ ही मौके पर ही दूरभाष से प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि युवक का भली-भांति उपचार कराया जाए।
जिला कलेक्टर ने उदालिया की डूंगरी क्षेत्र में गंदगी देखकर असंतोष जाहिर किया और मौके पर ही परिषद आयुक्त को निर्देश दिए कि क्षेत्र में उचित तरीके से सफाई कराई जाए। इस दौरान वार्ड पार्षद ने भी सफाई के लिए कलेक्टर से अनुरोध किया।
इसके बाद जिला कलेक्टर ने शहर में भी सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों, ठेले वालों को कचरा सड़क पर नहीं डालने के निर्देश दिए। कचरा पात्र रखने के निर्देश दिए और मौके पर ही आयुक्त को निर्देश दिए कि रास्ते पर रखे सामानों से हो रहे अतिक्रमण को हटाया जाए। इस दौरान नगर परिषद सभा मधु नुवाल भी साथ रहीं।