सामाजिक कार्यकर्ता जरूरतमंद को दिलाएं योजनाओं का लाभ

-विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में पहुंचे स्पीकर बिरला

कोटा, 2 जनवरी। समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को लाभ पहुंचे तथा वंचित और अभावग्रस्त वर्ग का सशक्तिकरण हो इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। सामाजिक कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे जरूरतमंद लोगों को इन योजनाओं का लाभ दिलाएं। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को यह बात हिन्दू धर्मशाला के पास आयोजित विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर में कही।

स्पीकर बिरला ने कहा कि आज देश 2047 तक विकसित बनने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। इसमें हम सभी अपनी भूमिका तय कर सर्वश्रेष्ठ योगदान दें। हमारा प्रयास होना चाहिए कि हर व्यक्ति आत्मनिर्भर बने और सामुहिकता की भावना के साथ देश की उन्नति में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे।

सभी वोकल फॉर लोेकल बनें
स्पीकर बिरला ने सभी लोगों से वोकल फोर लोकल बनते हुए स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया। बिरला ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हमारी महिलाएं अनेक प्रकार के गुणवत्तापूर्ण उत्पाद बना रही हैं। हम उनसे यह उत्पाद खरीदकर उनके हुनर का सम्मान करें। उनके उत्पादों का सोशल मीडिया पर भी प्रचार करें। यदि वे सफल होंगी तो उनके परिवारों के साथ, समाज, शहर, प्रदेश और देश भी समृद्ध बनेगा।

स्ट्रीट वेंडर्स को दिलाएं स्वनिधि ऋण
स्पीकर बिरला ने कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों से भी कहा कि वे स्वयं यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। स्ट्रीट वेंडर्स के सशक्तिकरण के लिए उन्हें स्वनिधि योजना के माध्यम से ऋण दिलवाएं। इसके अतिरिक्त घर-घर तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर अन्य योजनाओं में लाभ पा सकने योग्य लोगों को भी चिन्हित करें।