जयपुर। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज आजादी के 76वें पर्व पर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी है। देशवासियों को बधाई देने के साथ ही उन्होनें बीजेपी को भी नसीहत दी है। सोनिया ने सरकार पर इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों का अपमान करने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि राजनीतिक फायदे के लिए की जा रही गलत बयानबाजी का कांग्रेस विरोध करेगी। बता दें कि सोनिया अब कोरोना वायरस के चलते आइसोलेशन में हैं। इसलिए कांग्रेस प्रमुख ने पत्र लिखकर देशवासियों को बधाई दी है।।
कांग्रेस प्रमुख ने लिखा पिछले 75 वर्षों में भारत ने एक स्वतंत्र, निष्पक्ष और अपने दूरदर्शी नेताओं के नेतृत्व में पारदर्शी चुनाव प्रणाली, लोकतंत्र और संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत करते हुए अपने प्रतिभाशाली भारतीयों की कड़ी मेहनत के माध्यम से विज्ञान, शिक्षा, स्वास्थ्य और सूचना प्रौद्योगिकी सहित सभी क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र पर एक अमिट छाप छोड़ी है। इसके साथ ही, भारत ने एक अग्रणी देश के रूप में अपनी गौरवपूर्ण पहचान बनाई है जो हमेशा भाषा और धर्म की बहुलवादी परीक्षा पर खरा उतरा है।
बीजेपी पर सोनिया गांधी का तंज
सोनिया ने सरकार पर तंज कसते हुए लिखा, दोस्तों हमने पिछले 75 सालों में कई उपलब्धियां हासिल की हैं। लेकिन आज की आत्म.जागरूक सरकार हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के महान बलिदानों और देश की गौरवशाली उपलब्धियों को तुच्छ समझने पर तुली हुई है। जो कि कभी भी स्वीकार नहीं किया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए ऐतिहासिक तथ्यों पर किसी भी गलत बयानी का और गांधी, नेहरू, पटेल और आजाद जी जैसे महान राष्ट्रीय नेताओं को झूठ के आधार पर कटघरे में खड़ा करने के हर प्रयास का कड़ा विरोध करेगी।