23 साल खूबसूरत पल गुजारे लेकिन 32 साल से वैधव्य का दुख झेल रहीं हैं सोनिया गांधी : कांग्रेस

जयपुर।  कांग्रेस की वरिष्ठ प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने अपने ट्विटर अकांउट से कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा  सोनिया गांधी के बारे में एक भावुक वीडियो शेयर किया है जिसमें सोनिया गांधी अपने पति स्व. श्री राजीव गांधी के निधन के बाद में जीवन का अनुभव शेयर करती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो में कुछ महिलाएं सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी से बात करती हुई दिखाई दे रही हैं जिसमें एक महिला ने सोनिया गांधी से राजीव जी के गुजरने के बाद जीवन का अनुभव पूछा।

उनके घर आयी एक महिला ने जब उनसे पूछा ‘राजीव जी के जाने के बाद, उस स्थिति में कैसे मैनेज किया तो सोनिया गांधी  सिर्फ़ इतना ही कह पायीं ‘दुख बहुत गहरा था’ आगे बोल ही नहीं पायीं फिर  प्रियंका गांधी  ने बताया बहुत ही ​मुश्किल समय था।  कई दिनों तक ना कुछ खाया ना पिया
  

कांग्रसे प्रवक्ता ने अपने ट्विट में लिखा कि सोनिया गांधी  21 साल की उम्र में  राजीव जी की पत्नी और इस देश की बहू बन कर आयीं - ज़िंदगी के 55 साल यहाँ बिता दिये, यहाँ की मिट्टी में रम गयीं  उन्होने जीवन के सबसे खूबसूरत 23 साल राजीव जी की ब्याहता बन कर गुज़ारे, पर उससे ज़्यादा वक़्त उनके बिना 32 साल से वैधव्य का दुख झेल रहीं हैं।  क्या क्या नहीं सुना, कितने आक्षेप सहे पर शालीनता का पर्याय बनी रहीं 

सुप्रिया श्रीनेत आगे लिखती हैं कि यह देख कर कुछ समय मैं सोचती रही इतनी पीड़ा झेल कर भी कोई कैसे इतनी गरिमा, इतने ममत्व से रह सकता है, कैसे ना लेशमात्र ग़ुस्सा, ना घृणा? इस देश के लोगों के भले की ही बात करना - कैसे इतना समर्पण, इतना त्याग? 

सोचते सोचते - बस एक दुआ निकली. यह देश हमेशा आपका ऋणी रहेगा और आपके समर्पण के आगे सिर अपने आप झुक जाता है.