अखिलेश यादव के खिलाफ चुनाव लड़ रहे केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह बघेल के काफिले पर पथराव

जयपुर। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के करहल सीट से चुनाव भाजपा की ओर से चुनाव लड़ रहे केंद्रीय मंत्री सत्यपाल सिंह बघेल के काफिले पर पत्थरबाजी की गई। इसी सीट से सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी चुनाव लड रहे हैं। खबरों के मुताबिक, हमले के दौरान भाजपा नेता बाल-बाल बच गए। हालांकि, बघेल के काफिले में एक वाहन की खिड़की पत्थरों से टकराकर चकनाचूर हो गई.

बीजेपी ने की कडी निंदा
करहल में प्रचार करने गये केंद्रीय मंत्री बघेल पर हुए हमले की बीजेपी ने कड़ी निंदा की है। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केपी मौर्य ने आरोप लगाया कि इस घटना के पीछे समाजवादी पार्टी के 'गुंडे' हैं।

उपमुख्यमंत्री केपी मौर्य ने ट्वीट करते हुए लिखा कि,  "मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी केन्दीय मंत्री प्रोफ़ेसर SP सिंह बघेल के क़ाफ़िले पर सपाई गुंडों द्वारा हमला करना,असली चरित्र दिखाया है, कल ही भाजपा सांसद श्रीमती गीता शाक्य पर भी हमला किया गया था दोनों घटनाओं के दोषियों के विरूद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी!"

एक और ट्वीट में केशवप्रसाद मौर्य ने लिखा कि,  "श्री अखिलेश यादव जी चुनाव में हार के डर से आपने अपने पालतू गुंडों के द्वारा भाजपा प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री प्रोफ़ेसर SP सिंह बघेल और भाजपा नेताओं पर हमला करवाते हो,आपने हमला नहीं अपनी पराजय सुनिश्चित की है,क्या यही नई सपा है जो आपके ख़िलाफ़ चुनाव लड़े उस पर हमला कराओगे!"

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना थाना करहल के रहमतुल्लाहपुर गांव की है। जहां, बघेल यूपी विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले इलाके में प्रचार कर रहे थे और पार्टी के अन्य नेताओं के साथ अतीकुल्लापुर गांव जा रहे थे। इस दौरान गांव के बहार मौजूद लोगों ने बघेल के काफिले पर पथराव करना शुरू कर दिया। जिसमें एक कार की खिडकी टूट कर चकनाचूर हो गई।