सफलता की कहानियां, साजिद की हमसफर बनेगी स्मार्ट स्टिक, प्रभारी मंत्री ने दिया संबल

शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
ग्राम पंचायत अलोद में बुधवार को आयोजित प्रशासन गांवों के संग अभियान के शिविर में दृष्टिहीन साजिद को स्मार्ट स्टिक प्रदान की गई। जिला प्रभारी मंत्री श्री परसादी लाल मीणा ने साजिद को चलने फिरने में सहायक यह इलेक्ट्रॉनिक छड़ी दी तो साजिद के चेहरे पर मुस्कान तैर गई। इस छड़ी के सहारे अब साजिद खुद चल फिर सकेंगे। अब तक कहीं आने जाने के लिए वह दूसरों पर आश्रित रहते थे। अब वह इस छड़ी के सहारे खुद ही बाहर आ जा सकेंगे। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए इस सहायता उपकरण के बारे में विभाग के सहायक निदेशक जेपी चांवरिया ने बताया कोई भी रूकावट या खतरा महसूस होते ही छड़ी संकेत देगी। इसमें सेंसर लगे होने से जब भी कोई रुकावट या मार्ग में बाधा का एहसास होता है तो यह वाइब्रेशंस के जरिए इसे पकड़ने वाले को संदेश दे देती है। साजिद ने यह सहायता मिलने पर राज्य सरकार का धन्यवाद व्यक्त किया।
इसी शिविर में सरदार पीरु खान को नई बैसाखी दी गईं। वह पुरानी वैशाखी से चलकर आए और नई वैशाखी के सहारे लौटे तो चेहरे पर मुस्कान छा रही थी।
आस्था कार्ड का मिलेगा लाभ
प्रशासन गांवों के संग अभियान शिविर में बुधवार को अलोद ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में परवीन बानो और राममूर्ति को आस्था कार्ड प्रदान किया गया। इस कार्ड के जरिए इन दोनों के परिवारों को दिव्यांग जनों को मिलने वाली सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। इसी तरह तनवीर को दिव्यांगता प्रमाण पत्र सौंपा गया।