उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में भयानक सड़क दुर्घटना, 18 लोगों की मौत, मोदी ने किया दुख प्रकट

जयपुर। पिछली रात को उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 18 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक तेज गति से आ रहे ट्रक ने यात्रियों से भरी बस में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक पीछे की तरफ से बस के अंदर समा गया। इस हादसे में 18 लोगों की जान चली गई और 19 लोगों गंभीर रूप से घायल हो गये। इस घटना का लेकर उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री ने दुख जताया है और हादसे में मृतकों के परिजनों को 2—2 लाख रूपये देने की घोषणा की है। वहीं, हादसे के दौरान घायलों को 50—50 हजार रूपये देने की घोषणा की है।

पीएम मोदी का ट्वीट

हादसे का पता चलते ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट करके गहरा दुख जताया। मोदी ने कहा कि वे इस सड़क हादसे से बहुत ही दुखी हैं। नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा "यूपी के बाराबंकी में हुए सड़क हादसे की खबर से बहुत दुखी हूं। शोकाकुल परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। अभी सीएम योगी जी से भी बात हुई है। सभी घायल साथियों के उचित उपचार की व्यवस्था की जा रही है"


मोदी के अलावा अन्य राजनेताओं ने इस सड़क हादसे पर शोक प्रकट किया। बिहार के राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने भी लिखा "यूपी के बाराबंकी में बस-ट्रक की टक्कर से हुई दुर्घटना में बिहार के 18 यात्रियों की मौत व दर्जनों के घायल होने की दुःखद खबर सुन मर्माहत हूँ। मृतकों के परिजनों प्रति शोक संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से उनके परिजनों को मुआवजा व घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था की मांग करता हूँ"