श्रीनगर लाल बाजार में पुलिस पर आतंकी हमला, पुलिस अधिकारी की मौत, 2 अन्य घायल

जयपुर। श्रीनगर में मंगलवार को एक पुलिस दल पर आतंकवादी हमले में जम्मू-कश्मीर पुलिस के एक सहायक उप-निरीक्षक की मौत हो गई और दो अन्य को गोली लगी। मृतक की पहचान दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के सोच गांव के मुश्ताक अहमद के रूप में हुई है.

कश्मीर जोन पुलिस ने मंगलवार को ट्वीट करके हमले में शहीद पुलिसकर्मियों के बारे में सूचना दी। कश्मीर पुलिस जोन ने ट्विट करते हुए बतया, “एएसआई मुश्ताक अहमद आतंकी हमले में शहीद हो गये हैं। कर्तव्य की पंक्ति में किए गए उनके सर्वोच्च बलिदान के लिए हम शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। अन्य दो घायल कर्मियों का इलाज किया जा रहा है।“

इससे पहले, कश्मीर जोन पुलिस ने पुष्टि की कि आतंकवादियों ने श्रीनगर में एक पुलिस दल पर हमला किया, जिसमें तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।

कश्मीर जोन पुलिस ने ट्वीट किया और लिखा, 'श्रीनगर शहर के लाल बाजार इलाके में आतंकवादियों ने पुलिस नाका पार्टी पर फायरिंग की। इस आतंकवादी घटना में, तीन पुलिस कर्मी घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है।'

पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमला शाम करीब 7:15 बजे हुआ जब आतंकवादियों ने जीडी गोयनका स्कूल के पास लाल बाजार इलाके में पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध फायरिंग की।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "उन्होंने पिस्तौल से पुलिस पार्टी पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं।" हम हमले को अंजाम देने वाले आतंकवादियों की संख्या का पता लगा रहे हैं। घटना के तुरंत बाद, हमलावरों को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान के लिए इलाके की घेराबंदी कर दी गई।