संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
मौके पर ही मिला पालनहार का लाभ,अन्य योजनाओं से भी मिली राहत
प्रशासन गांवों के संग अभियान के अंतर्गत सोमवार को लाखेरी के मोहनपुरा में शिविर लगाया गया। शिविर में जिला प्रमुख चन्द्रावती कंवर की मौजूदगी में ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
यह शिविर विधवा एवं दिव्यांग शाहिदा बानो के लिए दुख दर्द बांटने वाला साबित हुआ। छह माह पहले पति की मुत्यु हो जाने पर शाहिदा बानो के ऊपर मानो दुखों का पहाड ही टूट पडा। शाहिदा बानो जब शिविर में पहुंची तो शिविर प्रभारी उपखण्ड अधिकारी युगांतर शर्मा ने उनसे पूछा कि आपको क्या लाभ चाहिए। वह ठीक से जवाब नहीं दे पाई तो उपखण्ड अधिकारी ने दस्तावेज देखे और सारी बात समझी। मानवीय संवेदना दिखाते हुए उन्होंने तुरंत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के प्रतिनिधि को बुलाया और उसके बच्चों का पालनहार योजना में आवेदन करवाकर योजना का लाभ दिलवाया। साथ ही शिक्षा विभाग के माध्यम से तुरंत ही विद्यालय में प्रवेश भी दिलाया। इसी तरह अन्य विधवा महिला मोहनपुरा निवासी मनभर एवं सरस्वती को भी पालनहार योजना में आवेदन करवाकर लाभ दिलाया गया।
विधवा महिलाओं ने उन्हें इतनी बड़ी राहत देने पर राज्य सरकार का आभार जताया। योजनाओं का इतना शीघ्र और मौके पर ही लाभ मिलने से महिलाएं अत्यंत खुश थी और सरकार को दुआएं दे रही थी।
शिविर के दौरान लोगों को पट्टे वितरित किए गए। पंचायतीराज विभाग द्वारा प्रमाण पत्र जारी किए तथा विभिन्न प्रकार की समस्याओं के निस्तारण के लिए आवेदन प्राप्त किए। अधिकांश आवेदनों का शिविर के दौरान निस्तारण किया गया।मोहनपुरा सरपंच अंजली जैन, विकास अधिकारी ब्रजमोहन गुप्ता विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।