सावन का पहला सोमवार: कोटा के मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

सावन का पहला सोमवार: कोटा के मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
कोटा राजस्थान

कोटा 18 जुलाई। सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में हर हर महादेव के जयकारे गूंज उठे। बारिश की झमाझम के बावजूद शहर के विज्ञान नगर स्थित श्री मंगलमय चमत्कारिक धाम, थेगड़ा स्थित 525 शिवालाय, स्टेशन स्थित श्रीराम मंदिर में शिवपूजा, रूद्रमंत्र, शिवमहिम्न स्तोत्र, दुग्ध मिश्रित जलाभिषेक, हवन, अनुष्ठान के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।

सावन के पहले सोमवार से मंदिरों में शिवपूजा, अभिषेक, हवन, हवनात्मक अनुष्ठान, पंचामृताभिषेक, महामृत्युंजय स्त्रोत आदि धार्मिक कार्यक्रम चालू हो गए हैं। शिवालय में सवेरे बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर बेलपत्र, आक, धतूरा आदि अर्पित कर भगवान महादेव को मनाया।

श्री मंगलमय चमत्कारिक धाम हनुमान मंदिर विज्ञान नगर के महंत पंडित अशोक तिवारी ने बताया कि चमत्कारिक भाव में स्थित शिवालय पर प्रातः 5:00 बजे से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगना शुरू हो गई जो दोपहर तक लगातार जारी रही, श्रद्धालुओं द्वारा भगवान शिव पार्वती गणेश कार्तिकेय नंदी वीरभद्रए की पूजा अर्चना कर बिल्वपत्र फूल फल दूध दही पंचामृत से अभिषेक कर मनोकामनाएं मांगी।

श्रीराम मंदिर के मुख्य पुजारी रामबाबू शर्मा ने बताया की पहले सोमवार को भक्तों को भगवान शिव की पूजा सौभाग्य योग में करने का पुण्य मिला है। सोमवार को तृतीया तिथि, धनिष्ठा नक्षत्र में तथा चन्द्रमा कुंभ राशि में बने हुए हैं। जहां पर देव बृहस्पति वक्री होकर विराजमान हैं। उन्होंने बताया कि विद्वान पंडितों द्वारा पारद शिवलिंग पर 21 किलो दूध से अभिषेक किया गया। उसके बाद मनमोहक श्रृंगार किया गया