'बदल गया प्रधानमंत्री लेकिन नहीं बदला कश्मीर राग', पाकिस्तान के नये पीएम ने कश्मीर पर बोला कुछ ऐसा

जयपुर। पाकिस्तान के नए प्रधान मंत्री शहबाज शरीफ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, भारत शांति और स्थिरता चाहता है। भारत आतंकवाद मुक्त क्षेत्र चाहता है। वहीं, पाक के नये पीएम ने सदन में फिर से कश्मीर मुद्दे के उठाया।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विट करते हुए लिखा, "पाकिस्तान के प्रधान मंत्री के रूप में चुने जाने पर एच ई मियां मुहम्मद शहबाज शरीफ को बधाई। भारत आतंकवाद से मुक्त क्षेत्र में शांति और स्थिरता चाहता है, ताकि हम अपनी विकास चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित कर सकें और अपने लोगों की भलाई और समृद्धि सुनिश्चित कर सकें”

बता दें कि इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित होने के बाद शहबाज शरीफ ने सोमवार को पाकिस्तान के 23 वें प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।
पीटीआई की एक रिपोर्ट के मुताबिक पूर्व विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी द्वारा पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ पार्टी द्वारा मतदान का बहिष्कार करने और वाकआउट करने की घोषणा के बाद 70 वर्षीय शहबाज ही एकमात्र उम्मीदवार थे। राष्ट्रपति आरिफ अल्वी के छुट्टी पर जाने के बाद शरीफ को सीनेट के अध्यक्ष सादिक संजरानी ने शपथ दिलाई।

फिर गया कश्मीर राग
पाकिस्तान का प्रधानमंत्री बदल गया लेकिन कश्मीर राग नहीं बदला। शहबाज ने सदन को बताया, "हम भारत के साथ अच्छे संबंध चाहते हैं लेकिन कश्मीर विवाद का समाधान होने तक स्थायी शांति संभव नहीं है।" उन्होंने अगस्त 2019 में भारत द्वारा अनुच्छेद 370 को निरस्त करने पर "गंभीर और कूटनीतिक प्रयास" नहीं करने के लिए खान पर हमला किया।