चंबल नदी से प्रभावित बूंदी जिले के क्षेत्रो को डांग विकास क्षेत्र विकास योजना में शामिल करने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित

बूंदी, 5 जनवरी। जिला परिषद बूंदी की त्रैमासिक बैठक शुक्रवार को जिला प्रमुख चंद्रावती कंवर की अध्यक्षता में आयोजित हुई।


बैठक में केशोरायपाटन विधायक सीएल प्रेमी, बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा, उप जिला प्रमुख बंशी लाल मीणा, तालेड़ा प्रधान राजेश रायपुरिया, नैनवा प्रधान पदम नागर, हिंडोली प्रधान कृष्णा माहेश्वरी, के पाटन प्रधान वीरेंद्र सिंह हाडा, बूंदी प्रधान प्रेम बाई मीणा, जिला परिषद सदस्य पुरुषोत्तम शर्मा, शक्ति सिंह, मुध वर्मा, प्रशांत मीणा, हेतराम मीणा, जितेन्द्र सैनी, अर्जुन लाल मीणा, रानी ईरानी, सुमित्रा कंजर, जिला कलेक्टर डॉ.रविंद्र गोस्वामी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल सिंह,  अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरिश्चंद्र मीणा, उपखंड अधिकारी सोहनलाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजकुमार कस्वां, के.पाटन उपखंड अधिकारी मालविका त्यागी, तालेड़ा उपखंड अधिकारी एचडी सिंह, लाखेरी उपखंड अधिकारी भावना सिंह, नैनवा उपखंड अधिकारी शत्रुघ्न सिंह गुर्जर , हिंडोली उपखंड अधिकारी कुलदीप सिंह शेखावत, प्रशिक्षु आईएएस मोहित, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति प्रधान और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।  
              
बैठक में चंबल नदी से प्रभावित जिले के बाढ़ क्षेत्र को डांग क्षेत्र विकास योजना में शामिल करने एवं ईआरसीपी योजना के अंतर्गत जिले के सभी बांधों को शामिल करने, कोटा एयरपोर्ट का नाम कोटा-बूंदी एयरपोर्ट करने का सर्व सम्मति से प्रस्ताव लिया गया। इस दौरान जिले के ऐसे विद्यालय जो, जर्जर है, उनके भवनों की मरम्मत करने को लेकर व्यापक चर्चा की गई। साथ ही जिला परिषद की बैठक हेतु नया सभागार बनाने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से लिया गया।
                 
बैठक में जिला प्रमुख ने निर्देश दिए कि जो भी कार्य जिला परिषद के माध्यम से स्वीकृत किए जा रहे हैं, उनकी जानकारी संबंधित क्षेत्र के जिला परिषद सदस्य को भी उपलब्ध कराई जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं उनका भौतिक सत्यापन का कार्य शीघ्र करवाया जावे। उन्होंने बकाया कृषि कनेक्शनों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिनके द्वारा डिमांड राशि जमा करवा दी गई है, उन्हें शीघ्र कृषि कनेक्शन जारी करते हुए ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराएं।
                
उन्होंने निर्देश दिए कि लबान में माता जी मंदिर के समीप होकर गुजर रही हाईटेंशन लाइन को हटवाया जावे। चोरी होने वाले ट्रांसफार्मरों के मामलों में विद्युत निगम द्वारा पुलिस में एफआईआर दर्ज करवाई जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि सार्वजनिक पेयजल स्त्रोतों के कनेक्शन नहीं काटे जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास पात्र लाभार्थियों को आवास स्वीकृत करने संबंधी समस्या का समाधान किया जावे।
                
बैठक में जिला कलक्टर ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध कनेक्शनों के विच्छेद करने की कार्यवाही की जावे। जिन स्थानों पर कार्य प्रगति पर है, वहां कार्य का विवरण तथा पूर्णता की तिथि बोर्ड के माध्यम से प्रदर्शित की जावे। इसके अलावा खराब हैंडपंपों की सूची उपलब्ध कराई जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि ब्लॉक स्तर पर चिकित्सालयों में निर्धारित वार के अनुसार बेडशीट बदली जावे। इसके अलावा विकलांग प्रमाण पत्र जारी करने से संबंधी प्रकरणों से प्रशासन को अवगत कराया जावे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक प्रयोजनार्थ यथा शमशान, कब्रिस्तान तथा राजकीय भवनों के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव भिजवाए जावे। उन्होंने निर्देश दिए कि नेशनल हाईवे 52 पर हो रहे अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जावे।
              
बैठक में केशराय पाटन विधायक सी एल प्रेमी एवं बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा तथा जिला परिषद सदस्यों ने अपने अपने क्षेत्र की पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सड़कों, चिकित्सा एंव स्वास्थ्य आदि से संबंधित समस्याओं के समाधान की बात कहीं। बैठक में जिला परिषद के सदस्यों ने अधीन विभिन्न सड़कों की मरम्मत, पीएचईडी विभाग के अधीन पेयजल योजनाओं तथा इनसे खारे पानी संबंधित समस्याओं, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टर,एएनएम के रिक्त पदों को भरने, जनहित में हेड पंप, ट्यूबवेल सही करवाने, स्कूल भवनों की मरम्मत आदि समस्याओं के समाधान की बात कही।