जयपुर। भरतपुर के डीग में अवैध खनन के मामले में कांग्रेस के ही विधायक ने खनिज मंत्री पर गंभीर आरोप लगाया है। कोटा के सांगोद विधानसभा क्षेत्र के विधायक भगत सिंह ने राज्य के खनिज मंत्री प्रमोद भाया को ही सबसे बडा खनन माफिया बता दिया। विधायक भगत सिंह ने खनिज मंत्री प्रमोद जैन भाया को बर्खास्त करने के लिए खुला पत्र लिखा है। इस पत्र में विधायक ने मंत्री को सबसे बड़ा खनन माफिया बताया।
विधायक ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के लिए पत्र में लिखा,
आपका ध्यान भरतपुर के पर्वतों में खनन के खिलाफ 551 दिन से धरना दे रहे साधु व एक साधु द्वारा खुद को लगाई आग पर दिलवाना चाहता हूँ। अवैध खनन का सीधा संबन्ध गुण्डागिरी से है तथा यह शासन के संरक्षण के बिना संभव नही हो सकता है। साधु के आत्महत्या के प्रयास के बाद आपने प्रेस कान्फ्रेंस कर जिला कलक्टर व जिला प्रशासन को खनन माफिया को चिन्हित कर सख्त कार्यवाही के निर्देश प्रदान किए हैं। आपकी इस प्रेस कान्फ्रेंस में प्रदेश के खनिज मंत्री भी आपके साथ थे।
हाडोती की एक कहावत है काँख में छोरा गाँव में ढिंढोरा" प्रदेश का सबसे बड़ा खनन माफिया तो प्रदेश का खनिज मंत्री ही है। इनके द्वारा अवैध खनन का अपने गृह जिले में रिकॉर्ड कायम किया गया है। बांरा जिले में छोट-छाँट के भ्रष्ट अधिकारी को कलक्टर मण्डल वन अधिकारी व अन्य उच्च पदो पर मंत्री जी द्वारा नियुक्त किया जाता है। जंगल, जमीन, नदी नालो पर अवैध खनन करवाकर भ्रष्टाचार मचा रखा है। बांरा जिले में अवैध खनन करने के कारण कई लोग मरे है।
आपको सोरसन एवं गोडावन संरक्षण पर में अनेक पत्र लिख चुका हूँ। अवैध खनन को रोकने का एक मात्र मार्ग अगर भतरपुर के साधु वाला मार्ग ही है तो मुझे इस कारगर मार्ग पर चलकर आप तक बात पहुंचानी पड़े तो कृप्या इंतजार करे।