कोविड -19 मामलों में हो रही है कमी,लेकिन डेल्टा वेरिएंट का खतरा बरकरार

जयपुर। देश में कोरोना मामलों में गिरावट नजर आ रही है। अगर पिछले 154 दिनों की बात करें तो मंगलवार को सबसे कम कोराना केस दर्ज हुए। यानि 154 दिनों में कोविड -19 मामलों में सबसे कम एक दिन की वृद्धि दर्ज की। केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटों में 25,166 नए संक्रमण सामने आये हैं। वहीं मंगलवार तक 97.51 प्रतिशत रिकवर हुए हैं, जो कि मार्च 2020 के बाद से सबसे अधिक है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ो के अनुसार अब भारत में कोविड -19 के टोटल केस 32,250,679 हैं।

अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली के निदेशक डॉ रणदीप गुलेरिया ने कहा है कि कोरोनोवायरस महामारी की तीसरी लहर दूसरी लहर की तरह तबाही नहीं मचायेगी। लेकिन हमें सावधानी बरतने की जरूरत है। हालांकि डेल्टा प्लस वेरिएंट के मरीज मिलना चिंताजनक है। इसलिए डेल्टा वेरिएंट से खतरा बरकरार है। पिछले 24 घंटों में 1,563,985 कारोना के टेस्ट किये गये हैं जिसके अनुसार देश की कोविड -19 पॉ​जिटिव दर पिछले 53 दिनों से 3 प्रतिशत से नीचे रही है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने कहा है कोरोना प्रकोप को नियंत्रण में रखने के लिए 5 प्रतिशत की सकारात्मकता दर रखना अनिवार्य है। हालाँकि, दैनिक कोविड -19 मामलों की घटती संख्या तीसरी लहर की आशंका को कम कर रही है, महाराष्ट्र जैसे राज्य प्रतिबंधों में ढील दी जा रही है। कोरोनावायरस के डेल्टा और डेल्टा प्लस वेरिएंट के मामलों में वृद्धि और टीकों की कमी राज्य के लिए लगातार चिंता का विषय रही है। दूसरी लहर शुरू होने के बाद से महाराष्ट्र ने जीनोम अनुक्रमण के लिए 80,000 से अधिक नमूने भेजे हैं और लगभग 80 प्रतिशत नमूनों को डेल्टा संस्करण पॉजिटिव पाया गया है।