संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी |
जिला कलक्टर, एस पी व गणमान्य नागरिकों ने दिया आशीर्वाद
बूंदी जिले में समन्वित प्रयासों से देह व्यापार के दलदल से निकली एक युवती को दाम्पत्य जीवन में प्रवेश कराने की सुखद पहल की गई। बूंदी के सुदामा सेवा संस्थान में आयोजित विवाह समारोह जिला कलक्टर रेणु जयपाल, पुलिस अधीक्षक जय यादव, नगर परिषद सभापति मधु नुवाल, पूर्व मंत्री हरिमोहन शर्मा, पार्षद टीकम जैन, बाल कल्याण समिति एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियांे ने शिरकत की। कलक्टर, एस पी एवं गणमान्य नागरिकों ने नव दम्पती को आशीर्वाद दिया और सुखद दाम्पत्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि करीब दो माह पूर्व बाल कल्याण समिति ने जिले के शंकरपुरा गांव निवासी उक्त युवती के प्रकरण में संज्ञान लिया था। युवती को अपनी देखरेख में रख उसकी गहन काउंसलिंग की गई। बाल कल्याण समिति अध्यक्ष सीमा पोद्दार ने बताया कि काउंसलिंग के दौरान जानकारी में आया कि युवती अपने ही गांव के मुम्बई में ऑटोचालक युवक के साथ विवाह कर दाम्पत्य जीवन शुरू करना चाहती है। इस पर जिला प्रशासन और सामाजिक संगठनों के सहयोग से इस कार्य को परिणति तक पहुंचाया गया।
सोमवार को सुदामा सेवा संस्थान में आयोजित विवाह समारोह में विभिन्न संगठनों ने विवाह में सहयोग किया। कन्या दान कर वर वधू को उपहार दिए गए। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति के छुट्टन लाल शर्मा, घनश्याम दुबे, रोहित कुमार, बाल संरक्षण इकाई के सहायक निदेशक हुकम चंद जाजोरिया, गोविंद गौतम, बिट्ठल कुमार सनाढ्य एवं सुदामा संस्थान के आवासी मौजूद रहे।