जयपुर। आंध्र प्रदेश में गुरुवार आधी रात के करीब एक दर्दनाक हादसे जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई और 12 लोग गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। यह हादसा आंध्रप्रदेश के गोदावरी जिले के अक्कीरेड्डीगुडेम में एक दवा बनाने के कारखाने में आग लगने से हुई है। संभावना जताई जा रही है कि गैस रिसाव के कारण एक रिएक्टर विस्फोट से आग लगने से यह हादसा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक पश्चिम गोदावरी जिले के अक्कीरेड्डीगुडेम में एक फार्मा यूनिट में 18 मजदूर फार्मास्युटिकल प्लांट की यूनिट 4 में काम कर रहे थे। तभी एक विस्फोट के कारण आग लग गई। जिसमें 6 लोगो की मौत हो गई और 12 लोगों के घायल होने की खबर है। घटना के दो घंटे में आग पर काबू पा लिया गया। मरने वाले छह में से चार बिहार के प्रवासी श्रमिक थे। अब तक दो पीड़ितों के शव निकाले जा चुके हैं। मृतकों की पहचान उदुरपति कृष्णैया, बी किरण कुमार, कारू रवि दास, मनोज कुमार, सुवास रवि दास और हबदास रवि दास के रूप में हुई है।
मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने जताया शोक
इस दर्दनाक हादसे पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने शोक जताया है। साथ ही उन्हाहेंने मृतक और घायलों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 25 लाख रुपये का मुआवजा और गंभीर रूप से घायलों को पांच-पांच लाख रुपये और मामूली रूप से घायल हुए लोगों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की भी घोषणा की। अधिकारियों को घायलों की स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस अधीक्षक और जिला कलेक्टर को घटना की गहन जांच करने का निर्देश दिया गया है।