7 जनवरी को होने वाली परीक्षा के लिए कार्मिकों को दिया प्रशिक्षण, गंभीरता एवं सजगता के साथ निभाएं जिम्मेदारी-संभागीय आयुक्त
कोटा 5 जनवरी। राजस्थान लोक सेवा आयोग अजमेर द्वारा सहायक आचार्य, पुस्तकालय अध्यक्ष एवं शारीरिक अनुदेशक परीक्षा 2023 (कॉलेज शिक्षा विभाग) के लिए तृतीय प्रश्न पत्र परीक्षा रविवार 7 जनवरी दोपहर 12 से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिसके लिए परीक्षा केंद्र पर लगे अधिकारियों एवं कर्मिकों का प्रशिक्षण यूआईटी ऑडिटोरियम में शुक्रवार को सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण में संभागीय आयुक्त डॉ प्रतिभा सिंह, जिला कलक्टर एमपी मीना एवं पुिलस अधीक्षक शहर शरद चौधरी ने परीक्षा के पर्यवेक्षकों, सतर्कता टीम एवं कार्मिकों को आवश्यक निर्देश दिए।
संभागीय आयुक्त डॉ प्रतिभा सिंह ने कहा कि राज्य सरकार परीक्षा की निष्पक्षता के लिए अतिगंभीर है इसलिए सभी कार्मिक एवं अधिकारी निष्पक्ष होकर निष्ठा पूर्ण तरीके से अपने जिम्मेदारियों का वहन करें। उन्होंने परीक्षा संचालन के लिए उच्च स्तर से प्राप्त निर्देशों की जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा की महत्ता को देखते हुए पारदर्शिता, अनुचित साधनों का प्रयोग व नकल आदि की रोकथाम के लिए पुख्ता व्यवस्थाएं की जाएं। परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा के साथ भी कोई समझौता न हो।
जिला कलक्टर एमपी मीना ने निर्देशित किया कि सभी अधिकारी एवं कार्मिक पूर्ण गंभीरता एवं अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारी को निभाएं। उन्होंने कहा की परीक्षा प्रक्रिया में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा इस परीक्षा में प्रशासन पुलिस एवं शिक्षा विभाग को मिलकर आपसी समन्वय के साथ कार्य करना है। किसी भी तरह की समस्या होने पर सीधे प्रशासन एवं पुलिस से संपर्क किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा संचालन के लिए आयोग द्वारा दिए गए निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित की जाए। प्रश्न पत्र प्राप्त करने, इन्हें सुरक्षित रखने को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाए और कडी निगरानी रखी जाए। हर स्तर पर निगरानी की व्यवस्थाएं सुदृढ़ रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक शहर शरद चौधरी ने कहा कि तलाशी की अहम जिम्मेदारी को कार्मिक गंभीरता एवं सतर्कता से निभाएं ताकि कोई भी अभ्यर्थी किसी भी माध्यम से कोई भी नकल से संबंधित उपकरण परीक्षा केंद्र में ना ले जा सके।
अतिरिक्त कलक्टर शहर बृजमोहन बैरवा ने बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर जिन अधिकारी एवं कार्मिकों की ड्यूटी है उनको भी किसी तरह का इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने बताया कोटा में कुल 21147 अभ्यर्थी परीक्षा में भाग लेंगे जिनके लिए 64 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं 32 सरकारी एवं 32 निजी स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। उन्होंने बताया परीक्षा प्रक्रिया के हर चरण की वीडियोग्राफी की जाएगी एवं प्रत्येक केंद्र पर दो वीडियोग्राफर नियुक्त किए गए हैं।
परीक्षा केंद्र में सावधानी के मुख्य बिंदु-
प्रातः 11 बजे के उपरांत अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। हर तरह के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जैसे मोबाइल, कैलकुलेटर, घड़ी इत्यादि पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षार्थी को सामान्य गर्म कपड़े पहन कर आने की अनुमति होगी।