जयपुर। दिल्ली के महरौली इलाके के एक जंगल से आज दो नाबालिग भाइयों के शव बरामद किए गए। दरअसल तीन बच्चों का राजस्थान से अपहरण किया गया था जिनमें दो के शब बरामद हुए और एक जिंदा बचा लिया गया है। इस मामले में अब तक दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने फिरौती के लिए तीन बच्चों का अपहरण करने और बाद में उनमें से दो की हत्या करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, तीन भाइयों - 13 वर्षीय अमन, आठ वर्षीय विपिन और छह वर्षीय शिवा का 15 अक्टूबर को राजस्थान के अलवर से अपहरण कर लिया गया था। इसके बाद अपहरणकर्ताओं ने बच्चों के पिता गुसान सिंह को फोन किया और फिरौती की मांग की। पुलिस ने कॉल को ट्रैक किया और दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया, जिन्होंने कहा था कि उन्होंने राजस्थान से बच्चों का अपहरण किया था, उन्हें दिल्ली लाया, उनकी हत्या कर दी और उनके शवों को महरौली के जंगल में दफना दिया। इसके बाद दिल्ली और राजस्थान पुलिस ने दोनों आरोपियों के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाया और जंगल से अमन और विपिन के शव बरामद किए गए.
बाद में, तीसरा बच्चा, शिव, जंगल से बाहर आया, जब हमलावरों ने उसे भी मरा हुआ मानकर हत्या स्थल पर छोड़ दिया था। पुलिस ने कहा कि बचाए जाने के बाद शिव मुश्किल से अपने और अपने पिता के नाम बता पाये। अब बच्चे को पुनर्वास के लिए बाल गृह भेजा गया। पुलिस ने कहा कि आरोपियों ने पीड़ितों का गला रेत कर हत्या की थी। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी मिल सकेगी। आरोपी बिहार का रहने वाला था और अलवर के भिवाड़ी में पीड़ित परिवार के पास रहता था। प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि आरोपी नशे के आदी थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनमें से एक छोटी दुकान चलाता था जबकि दूसरा एक कारखाने में काम करता था।