पुलवामा मुठभेड़ में दो आतंकवादी ढेर, हथियार और गोला-बारूद बरामद

जयपुर। आज 28 अप्रैल गुरूवार को दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले के मित्रिगम गांव में सुरक्षाबलों ने रात भर चली मुठभेड़ में अल-बद्र संगठन से जुड़े दो स्थानीय आतंकवादी का मार गिराया।

कश्मीर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि मारे गए दोनों आतंकवादी स्थानीय हैं और उनकी पहचान एजाज हाफिज और शाहिद अयूब के रूप में हुई है, मौके से दो एके 47 राइफलें भी बरामद की गई हैं। कुमार ने कहा, "मारे गए दोनों अल-बदर संगठन के थे और मार्च-अप्रैल 2022 के महीने में पुलवामा में बाहरी मजदूरों पर किये गये हमलों में दोनों का हाथ था।

गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में जम्मू कश्मीर पुलिस द्वारा विशेष इनपुट मिलने के बाद कल शाम अभियान शुरू हुआ। जल्द ही पुलिस, सीआरपीएफ और सेना की एक संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया।

इससे पहले, एक पुलिस अधिकारी ने कहा था, "जैसे ही बलों की संयुक्त टीम ने संदिग्ध स्थान की घेराबंदी की, छिपे हुए आतंकवादियों ने संयुक्त टीम पर गोलीबारी की, जिसका जवाबी कार्रवाई की गई और मुठभेड़ शुरू हो गई।" अधिकारियों ने यह भी बताया कि नागरिकों को निकालने के लिए अभियान कुछ समय के लिए रोक दिया गया था।

एक जवान घायल
शुरुआती गोलीबारी में सेना का एक जवान घायल हो गया और श्रीनगर के 92 बेस आर्मी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। जैसे ही ऑपरेशन फिर से शुरू हुआ देर शाम एक आतंकवादी मारा गया, फिर रात के दौरान फिर से ऑपरेशन को रोक दिया गया। कुमार ने कहा कि गुरुवार तड़के फिर से गोलीबारी शुरू हो गई और एक अन्य आतंकवादी मारा गया।