मुंबई के बांद्रा में निर्माणाधीन पुल ढहा, साइट पर मौजूद 13 जने हुए घायल

जयपुर। आज सुबह मुबंई के बांद्रा पूर्व में एक बड़ा हादसा हुआ। यहां पर बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में एमटीएनएल जंक्शन पर एक निर्माणाधीन पुल ढह गया। जिसमें 13 जनों के घायल होने की खबर है। एमटीएनएल जंक्शन से एलबीएस फ्लाईओवर तक चलने वाली 1.3 किलोमीटर की एलिवेटेड रोड का निर्माण मुंबई मेट्रोपॉलिटन रीजनल डेवलपमेंट अथॉरिटी (एमएमआरडीए) द्वारा किया जा रहा है ताकि व्यस्त मार्ग पर ट्रैफिक को कम करने में मदद मिल सके।
यह घटना शुक्रवार सुबह लगभग 4.30 बजे हुई। घालयों को सांताक्रूज के वीएन देसाई अस्पताल में भर्ती करवाया गया जहां उनका ईलाज चल रहा है। बीएमसी के मुताबिक निर्माणाधीन पुल का आधे से ज्यादा हिस्सा ​ढह गया इस दौरान साइट पर 24 कर्मचारी मौजूद थे। घायलों में ज्यादातर मजूदर हैं।
बांद्रा जोन 8 के डीसीपी मंजूनाथ सिंगे ने कहा कि “बीकेसी मुख्य सड़क और सांताक्रूज-चेंबूर लिंक रोड को जोड़ने के लिए एक पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। और इस पुल का एक हिस्सा लगभग 4.30 बजे ढह गया। 13 लोग घायल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि तड़के करीब साढ़े चार बजे पुल का एक गर्डर गिर गया। कई मजदूर इमारत से कूद गए जबकि कुछ फंस गए। अधिकारियों ने बताया कि अब तक उन्होंने सभी मजदूरों का हिसाब कर लिया है और उन्हें नहीं लगता कि कोई मलबे के नीचे फंसा है।