Unnao Road Accident : उन्नाव में ट्रक ने कार में मारी टक्कर, सड़क किनारे खड़े 3 लोगों समेत 6 की मौत

लखनऊ-कानपुर स्टेट हाईवे पर रविवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। हाईवे पर उन्नाव के पास एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, हादसे के बाद ट्रक कार को खींचता रहा. इस हादसे में 6 लोगों के मारे जाने की आशंका है. हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। इस हादसे में घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. जिसमें से एक व्यक्ति की हालात गंभीर बताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना अचलगंज थाना क्षेत्र में कानपुर-लखनऊ हाईवे पर हुई. वहां मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रक कार को टक्कर मारने के बाद काफी देर तक घसीटता रहा। इससे सड़क के किनारे खड़े लोग भी उसकी चपेट में आ गए और छह लोगों की मौत हो गई।

एसपी सिद्धार्थ शंकर मीणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया डंपर की तेज रफ्तार सामने आई है। इसके साथ ही वहां तिरछी खड़ी कार भी हादसे का कारण बनी। लखनऊ-कानपुर रोड पर जहां हादसा हुआ, वहां कई वाहन खड़े थे।
 
आस-पास चाय की दुकानें और रेस्तरां भी हैं। लोगों को बचाने या बचाने की कोशिश में कारें अक्सर दुर्घटनाग्रस्त हो जाती हैं। हाल ही में डीएम अपूर्व दुबे ने एनएचएआई के अधिकारियों से ब्लैक स्पॉट हटाने और अवैध पार्किंग रोकने को कहा था. अगर एनएचएआई सफल होता तो शायद हादसा टल सकता था। मालूम हो कि जिस जगह डंपर ने कार को टक्कर मारी इसी स्थान पर 11 दिसंबर 2022 को कटहादल नारायणपुर निवासी छविनाथ की बाइक में डंपर ने टक्कर मार दी थी। हादसे में बाइक में बैठी पत्नी गीता और उसकी आठ साल की बेटी शिवानी की मौत हो गई थी।
 
वहीं, इस घटना से जुड़ा एक और वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग एक पुलिस अधिकारी को पीटते नजर आ रहे हैं। बताया जाता है कि हादसे के बाद जब तक एंबुलेंस पहुंची तब तक वहां मौजूद आक्रोशित लोगों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी को पीटना शुरू कर दिया.

उन्नाव पुलिस के एक अन्य पुलिस अधीक्षक ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों में कार सवार तीन लोग भी शामिल हैं. इसी इलाके में हादसे का शिकार हुए 3 अन्य लोग सड़क के किनारे खड़े थे. उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक का चालक फरार है जिसकी तलाश की जा रही है.