जयपुर। यूपी चुनाव में शानदार जीत के बाद आज शाम को यूपी सरकार की कैबिनेट की बैठक होगी। इस बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। यह बैठक आज शाम 5 बजे आयोजित की जायेगी।
मुख्यमंत्री योगी दे सकते हैं इस्तीफा
यूपी में बहुमत के साथ जीत दर्ज करने के बाद अब नई सरकार के गठन की तैयारी तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले राज्यपाल को अपना इस्तीफा देंगे और इसके बाद 18 वीं विधानसभा का गठन किया जायेगा। बता दें कि योगी आदित्यनाथ सरकार का कार्यकाल 15 मार्च तक है। हालांकि अभी बात की पुष्टि नहीं हो पायी है कि मुख्यमंत्री आज ही अपना इस्तीफा देंगे।
2017 के मुकाबले 2022 में भाजपा की 57 सीट घटी
विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा ने भले ही पूर्ण बहुतम प्राप्त कर लिया हो लेकिन 2017 के चुनावों की तुलना में इस बार भाजपा को 57 सीटें कम मिली हैं। हालांकि इस बार भाजपा का वोट प्रतिशत 2.13 प्रतिशत बढ़ा है। पिछली बार भाजपा ने 312 सीटें जीती जबकि इस बार भाजपा ने 255 सीट जीती हैं।
वहीं अगर समाजवादी पार्टी की बात करें तो पिछले विधानसभा चुनाव 2017 के 21.82 प्रतिशत के मुकाबले इस बार उससे कहीं अधिक 32.03 प्रतिशत वोट मिले हैं और 111 सीटें जीती है। समाजवादी पार्टी ने इस बार प्रमुख विपक्षी दल के तौर पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।