जयपुर। उत्तर प्रदेश में क्राइम का ग्राफ नीचे नहीं हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के यूपी में जंगलराज मुक्त होने के दावे खोखले नजर आ रहे हैं। इस बार मामला बरेली का हैं जहां एक बिजनेस मैन को गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक रविवार देर रात एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन ने लखनऊ के एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। 42 वर्षीय व्यवसायी अरविंद द्विवेदी अपने दोस्तों के साथ मुरादाबाद से लखनऊ लौट रहा था। तभी रास्ते मे पेट्रोल लेने के लिए केसरपुर के पेट्रोल पंप पर रुके।
रात के 11 बज रहे थे तो सेल्समैन ने उन्हें पेट्रोल देने से मना कर दिया। और इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इस मामूली से विवाद में सेल्समैन ने देशी कट्टा निकाला और अरविंद के सीने पर फायर कर दिया और वहां से फरार हो गया। अरविंद द्विवेदी को सीएचसी ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। व्यवसायी के साथ गए शुभम बाजपेयी ने पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। अंचल अधिकारी गौरव सिंह ने बताया कि सेल्समैन की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।