जयपुर। राजस्थान की राजनीति में भाजपा हो या कांग्रेस हमें अक्सर गुटबाजी देखने को मिल जाती है। जहां एक ओर बीजेपी कांग्रेस को दो धड़ों में बंटी हुई बताती है तो गुटबाजी बीजेपी में भी छिपी नहीं रहती । अब एक और वाक्या ऐसा हुआ जो बीजेपी में गुटबाजी होने का संदेश देता नजर आता है।
हाल ही में देश की राजधानी दिल्ली में प्रदेश के BJP सांसदों की बैठक हुई। इस दौरान जिस मंच पर बैठक हुई उस मंच पर लगे बैनर में राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे की फोटो गायब दिखी। जबकि इस बैठक के दौरान वसुधरा मौजूद थी। और इसी वजह से प्रदेश में बैनर पॉलिटिक्स उभर कर सामने आयी। मंच पर लगाये गये इस बैनर में पीएम मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया और प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया की तस्वीर थी।
दिल्ली में सांसदों की बैठक के दौरान बैनर में पूर्व सीएम की फोटो नहीं होने के कारण बवाल उठना तो लाज्मी था। हालांकि, इस मसले पर पार्टी के नेता कमेंट करने पर आनाकानी कर रहे हैं। वैसे देखा जाये तो इस बैनर में भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह की फोटो भी नहीं थी। वसुधरा का बैनर से फोटो गायब होने पर वसुंधरा समर्थकों में नाराजगी दिखाई दी है। और कईंयों ने इस पर कड़ी आपत्ती जताई है। अन्तत् पार्टी अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा कि बैनर में जो तस्वीरें लगाई जाती है। वो प्रोटोकॉल के अनुसार लगाई जाती हैं। इसलिए इस का कोई अन्य अर्थ नहीं निकाला जाये। बता दें कि राज्य की बीजेपी पार्टी में भी पूनिया गुट और वसुंधरा गुट साफ नजर आता है। दोनों गुटों में कईं बार बयानबाजी भी सामने आ चुकी हैं। वसुंधरा राजे अब एक बार फिर से प्रदेश की राजनीति में सक्रिय हो गई हैं, और समय समय पर पार्टी मिटिंग को अटेंड कर रहीं हैं।