विकसित भारत संकल्प यात्रा - शिविरों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों ने किया उत्कृष्ठ कार्य करने वालों को सम्मानित
-संभागीय आयुक्त एवं कलक्टर ने किया निरीक्षण
कोटा 22 दिसम्बर। विकसित भारत संकल्प यात्रा शुक्रवार को पंचायत समिति लाडपुरा के खेडारसूलपुर व आरामपुरा, पंचायत समिति इटावा के डूंगरली व करवाड, पंचायत समिति सांगोद के बालूहेडा व झालरी, पंचायत समिति सुल्तानपुर के किशोरपुरा व मोरपा तथा पंचायत समिति खैराबाद के देवलीकलां व खैडारूद्धा में पहुंची।
खैराबाद पंचायत समिति में विधायक रामगंजमंडी मदन दिलावर ने उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रतिभाओं को सम्मानित किय। संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह और जिला कलक्टर एमपी मीना ने पंचायत समिति सांगोद की ग्राम पंचायत कुराडिया खुर्द में शिविर का निरीक्षण किया और उत्कृष्ठ कार्य पर प्रतिभाओं को सम्मानित किया।
जिला नोडल अधिकारी ममता तिवाडी ने बताया कि विकसित भारत संकल्प यात्रा में ग्रामीण जनों को भारत सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी फिल्म प्रदर्शन से दी गई। विभिन्न योजनाओं में लाभान्वित लाभार्थियों द्वारा मेरी कहानी मेरी जुबानी से अपनी सफलता की कहानी बताई गई। कृषि विभाग द्वारा ड्रोन प्रदर्शन, सोईल हेल्थ कार्ड प्रदर्शन, प्रगतिशील किसान द्वारा जैविक खेती के सम्बंध में विस्तार से जानकारी दी गई। शिक्षा विभाग धरती कहे पुकार थीम पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
शिविरों में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य जांच एवं अन्य योजनाओं में लाभ प्राप्त किया। आयुष्मान कार्ड के लिए मौके पर पंजीकरण किया गया। एचपी गैस एजेन्सी द्वारा उज्ज्वला योजना में रजिस्ट्रेशन कर गैस कनेक्शन जारी किये गये। कृषि विभाग एवं लीड बैंक बीआरकेजीबी द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड पंजीयन कर वितरण किया गया।
शहरी क्षेत्र के नागरिकों को मिल रहा लाभ-
विकसित भारत संकल्प यात्रा अंतर्गत कोटा दक्षिण क्षेत्र में फायर स्टेशन श्रीनाथपुरम व कौटिल्य सामुदायिक भवन में शिविर आयोजित किया गया जिसमें शहर के नागरिकों ने बडी संख्या में भाग लिया एवं लाभार्थियों ने मेरी कहानी मेरी जुबानी के माध्यम से अपने अनुभव साझा किए। शिविर में नागरिको को उज्ज्वला योजना, जन आयुषी योजना, स्वच्छ भारत मिशन, सौभाग्य योजना एवं अन्य सभी योजनाओं की जानकारी देकर पात्रजनों को लाभान्वित किया। उत्कृष्ठ कार्य करने वाले छात्रों एवं महिलाओं को शिविर मे जन प्रतिनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया।