सभी वर्गों के मतदाताओं ने खुशी व्यक्त करते हुए किया मतदान, लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी निभाई

डीग, भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा आम चुनाव 2023 के दौरान शनिवार को डीग जिले के मतदाताओं ने पूर्ण उत्साह के साथ मतदान दिवस के दिन अपने मताधिकार का प्रयोग किया । डीग-कुम्हेर विधानसभा के 236 मतदान केंद्रों में सुबह 7:00 से शाम 6:00 बजे तक मतदान किया गया। मतदान पूर्णता स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शान्तिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए गए साथ ही मतदाता की मत की गोपनीयता बनी रहें इस बात का पूरा ध्यान रखा गया। निर्वाचक फोटो पहचान पत्र के अलावा आयोग द्वारा निर्धारित 12 अन्य पहचान पत्र दिखाकर मतदाताओं ने मतदान किया। डीग-कुम्हेर विधानसभा क्षेत्र में कुल 255184 मतदाता है और 236 मतदान केंद्रों में से 153 मतदान केंद्र संवेदनशील पोलिंग बूथ है।


मतदान प्रक्रिया के दौरान पूर्ण रूप से निष्पक्षता के साथ मतदान सम्पन्न हुआ साथ ही मतदान केंद्रों पर उपस्थित अधिकारी-कर्मचारी ने निष्पक्षता के साथ समस्त कार्यवाही पूर्ण कराई। इस दौरान यह सुनिश्चित कराया गया की कोई भी पीठासीन अधिकारी एवं मतदान अधिकारी मतदान केन्द्र में स्थापित वोटिंग कम्पार्टमेंट में किसी भी सूरत में नहीं जाए साथ ही सीआरसी पूरी सावधानी से हो और पूरे आत्मविश्वास के साथ मतदान संपन्न कराया जाए । मतदान दिवस के दिन संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर भ्रमण करते रहे एवं शांति और कानून व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध सुनिश्चित किया । संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष चौकसी बरती गई और पुलिस मोबाइल पार्टी के साथ भ्रमण करते हुए नजर आई। इस दौरान पुलिस अधिकारी व सुरक्षाकर्मी चुनाव में लगे हुए मतदान दलोें एवं मतदान केन्द्रों की सुरक्षा पुख्ता करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की और वे पूर्ण मुस्तैदी के साथ कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखते हुए चुनाव को कुशलता के साथ संपन्न कराया।

चुनावों को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं भयमुक्त करवाने के लिए डीग-कुम्हेर विधानसभा के 153 बूथों पर लाइव वेब कास्टिंग की गई। वहीं, बूथों की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए उपखंड अधिकारी डीग कार्यालय में केन्द्रीयकृत नियंत्रण कक्ष की स्थापना भी की गई। जहां प्रशिक्षित कार्मिक हर बूथ की हर एक गतिविधि पर नजर रखी। इसके अतिरिक्त डीग-कुम्हेर में 8 युवा पोलिंग बूथ, 8 महिला पोलिंग बूथ, एक दिव्यांग पोलिंग बूथ और एक आदर्श पोलिंग बूथ स्थापित किए गए। महिला पोलिंग बूथ पर मतदान दल की सभी कार्मिक महिलाएं थी। इसी प्रकार दिव्यांग पोलिंग बूथ पर दिव्यांग कर्मचारी कार्य करते नजर आए और युवा पोलिंग बूथ पर कमान युवाओं के हाथ में था।

आदर्श बूथ पर मतदाताओं को लोकतंत्र के महोत्सव की छटा देखने को मिलेगी। इन बूथों में ना केवल आकर्षक सजावट करवाई गई साथ ही यहां मतदाताओं के स्वागत, पेयजल सहित बैठने के लिए समुचित इंतजाम करवाएं गए। वहीं, युवा मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए आदर्श मतदान बूथों पर सेल्फी पॉइंट लगाए गए । मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से ही मतदाताओं का जमावड़ा लगा रहा और बूढ़े, युवाओं एवं महिलाओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे युवाओं में भारी उत्साह नजर आया और वे अपने जरूरी दस्तावेजों के साथ मतदान केंद्र में लगी लंबी कतारों में धैर्य पूर्वक खड़े दिखाई दिए। इस दौरान सभी ने मतदान केंद्र पर पंक्ति में लगकर अपनी बारी आने पर मतदान किया। मतदान केंद्रों पर दिव्यांग मतदाताओं के लिए भी पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की गई एवं उन्हें मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। लोकतंत्र के इस सबसे पवित्र महापर्व में आमजन की आधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित कराई गई और हर वर्ग ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।