जयपुर। मौसम विभाग ने राजस्थान के 6 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। सिरोही, उदयपुर, डूंगरपुर, प्रतापगढ़, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ शामिल हैं। इन 6 जिलों के लिए मौसम विभाग ने आरेंज अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने कहा है कि इन जिलों में 19 सितंबर से 21 सितंबर तक भारी बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश की राजधानी जयपुर समेत 11 जिलों में में तेज हवायें और आंधी आने की भी चेतावनी जारी की है। जयपुर के अलावा जोधपुर, जालौर, पाली, नागौर, सीकर, अलवर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, अजमेर, करौली और कोटा में आंधी आने की संभावना है। विभाग ने कहा है कि कम दबाव के क्षेत्र और उससे जुड़े चक्रवाती तंत्र के सक्रिय होने के चलते अगले 24 घंटे में राजस्थान में भारी बारिश हो सकती है।
प्रदेश में अबतक इतनी बारिश हुई
मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार प्रदेश में अब तक कुल 415 एमएम बारिश हो चुकी है। जो कि सामन्य बारिश से 3 प्रतिशत ज्यादा है। हालंकि पिछले साल की तुलना में इस बार बारिश कम हुई है। वहीं पूर्वी राजस्थान में इस बार सामान्य से 6 प्रतिशत ज्यादा बारिश हुई है। इस बार पश्चिमी जिलों को सूखे को सामना करना पड़ रहा है, जहां सामन्य से 2 प्रतिशत बारिश कम हुई है। लेकिन अब मानसून की विदाई के समय पर मानसून फिर से सक्रिय हो गया है, और अधिक बारिश होने की संभावना है। इस बारिश से उदयपुर की सूखती झीलों में फिर से पानी की आवक शुरू हो गई है। वहीं कोटा की चंबल नदी भी उफान पर चल रही है, जिससे कोटा बैराज का गेट खोलकर पानी छोड़ दिया गया है।