मास्क पहनो, यह बहुत जरूरी है, यह संदेश देने सड़कों पर घूमे धर्मगुरु, अधिकारी और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि

संवाददाता शिवकुमार शर्मा
बूंदी |

कोरोना की तीसरी लहर से बचाव के लिए आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को शहर के मुख्य बाजारों में जागरूकता रैली निकाली गई।जिला कलेक्टर रेणु जयपाल, पुलिस अधीक्षक जय यादव की अगुवाई में धर्मगुरुओं, विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संस्था, समाजसेवियों ने मुख्य बाजार में मास्क नहीं पहनने वालों से समझाइश की और मास्क वितरित किए। बाजार में मास्क पहनकर आने,नहीं पहनने पर ₹1000 जुर्माना तथा सोशल डिस्टेंसिंग के लिए संदेश प्रसारित किए गए।
शहर काजी मौलाना गुलामे गौस, पं.ज्योति शंकर शर्मा एवं अन्य धर्म गुरुओं ने बाजार में विक्रेता और खरीदारों से मास्क पहनने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर भी आमजन को मास्क पहनकर आने तथा भीड़ एकत्र नहीं करने की समझाइश की जा रही है। शहर काजी गुलामे गौस ने कहा कि सभी को खासकर बच्चे और बुजुर्गों को घर पर ही इबादत के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि, अतिरिक्त कलेक्टर ए यू खान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किशोरीलाल, उपाधीक्षक हेमंत कुमार, कोतवाल सहदेव सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों, जवानों, महिला पुलिस, नागरिक सुरक्षा दल, स्काउट गाइड ने मास्क वितरण किया।
जागरूकता रैली कलेक्ट्रेट परिसर से आरंभ हुई और अहिंसा सर्किल, इंदिरा बाजार, कोटा रोड बाजार, क्लॉथ मार्केट, चौगान गेट बाजार क्षेत्रों में होते हुए वापस कलेक्ट्रेट पर समाप्त हुई। अधिकारियों और विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पैदल घूमते हुए लोगों को मास्क पहनने के लिए समझाया। नहीं पहनने वालों को मास्क बांटे और पहनाए। दुकानों में जाकर भी स्थिति देखी और मास्क के लिए समझाइश की।
राजस्थान महिला कल्याण एवं जन चेतना समिति के प्रदेशाध्यक्ष पुरूषोत्तम पारीक, पीपल फार एनीमल जिला प्रभारी बिट्ठल कुमार सनाढ्य,रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव अशोक विजय, गणपति सेवा आश्रम के अध्यक्ष ध्रुव व्यास, जैन संघटना के अध्यक्ष महेश पाटोदी, व्यापार महासंघ अध्यक्ष निरंजन जिंदल,विभिन्न व्यापार मंडल पदाधिकारी महेश जिंदल, कृष्ण मुरारी चतुर्वेदी, एवं अन्य मौजूद रहे।
अब भी नहीं माने तो होगी सख्ती- जिला कलेक्टर
जिला कलेक्टर रेणु जयपाल ने इस अवसर पर कहा कि जागरूकता के लिए जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से आमजन से समझाइश की गई है. इसके बावजूद यदि लापरवाही सामने आती है तो सख्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के मामले बूंदी में सामने आए हैं। अतः सबको गंभीरता के साथ इससे बचाव के नियमों का पालन करना होगा। तभी हम सुरक्षित रह पाएंगे। उन्होंने अपील की कि आवश्यक होने पर ही घर से निकलें और मास्क जरूर पहनें। जिला कलेक्टर ने जागरूकता रैली में भागीदारी पर धर्मगुरुओं, सहयोगी संस्थाओं एवं सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
मास्क नहीं पहना तो लगेगा जुर्माना-पुलिस अधीक्षक
जिला पुलिस अधीक्षक जय यादव ने कहा कि मास्क पहनने के लिए समझाइश काफी कर दी गई है। इसके सकारात्मक परिणाम भी आ रहे हैं। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहने हुए पाए जाने पर 1000 रूपये का जुर्माना लगाया जाएगा।