जिला कलक्टर की अध्यक्षता में आयोजित हुई साप्ताहिक समीक्षा बैठक
-जल जीवन मिशन के संबंध में भी की गई बैठक
डीग, जिला कलक्टर श्रीमति श्रुति भारद्वाज ने कहा कि अधिकारी समन्वय के साथ सार्वजनिक सेवाओं को सुगमता से संचालित करें एवं आमजन तक राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही सभी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें । श्रीमति भारद्वाज मंगलवार को पंचायत समिति सभागार में साप्ताहिक बैठक में विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपस्थित अधिकारियों को संबोधित कर रही थी।
3053 महिलाओं का सर्वे कर लखपति दीदी योजना से जोड़ने का कार्य पूर्ण उन्होंने राजीविका विभाग द्वारा किए गए श्री अन्नपूर्णा रसोई में साफ-सफाई एवं उपकरण लगाए जाने पर एवं 3053 महिलाओं का सर्वे कर लखपति दीदी योजना से जोड़ने पर विभाग की प्रशंसा की। उन्होंने शेष महिलाओं को जल्द से जल्द लखपति दीदी योजना के अंतर्गत जोड़ने के लिए राजीविका विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूह के अंतर्गत महिलाओं द्वारा बनाए जा रहे उत्पादों को उचित मूल्य दिलाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा एप्लीकेशन का निर्माण किया जा रहा है और जल्द ही इसे लॉन्च कर दिया जाएगा। इसके संबंध में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह निर्धारित समय में यह कार्य पूर्ण करें।संयुक्त रूप से वन विभाग, परिवहन विभाग और उपखंड अधिकारी करेंगे अवैध खनन को लेकर कार्यवाही अवैध खनन के संबंध में आ रही शिकायतों को देखते हुए उन्होंने वन विभाग, परिवहन विभाग और उपखंड अधिकारी को निर्देशित किया है कि वे हाल ही में हुए ऑपरेटर की दुर्घटना को देखते हुए नियम अनुसार सेफ्टी की गाइडलाइन माइनिंग क्षेत्र में क्रियान्वन करना सुनिश्चित करें एवं समय-समय पर सुरक्षा के संबंध में किए गए उपायों की लगातार मॉनिटरिंग करें। उन्होंने खनन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे माइनिंग का सर्वे कर अवैध माइनिंग करने वालो पर कड़ी कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। साथ ही उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को भी निर्देशित किया कि वह अपने क्षेत्रफल में हो रहे अवैध कार्यों को लेकर भी सख्त कदम उठाए।
सड़क निर्माण के कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करे अधिकारी उन्होंने समस्त जिला अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह अपने-अपने कार्यालय पर लिखे भरतपुर जिले के स्थान पर नवगठित डीग जिला लिखना सुनिश्चित करें एवं उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जिले में किए जा रहे सड़क निर्माण के कार्यों की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही ना बरतें एवं जिले के प्रमुख स्थानों को जोड़ने के लिए रोड कनेक्टिविटी के प्रस्ताव को जल्द बनाकर आगामी साप्ताहिक बैठक में प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें। उन्होंने ब्रज चौरासी वाले श्रद्धालुओं को जटेरी धाम एवं अन्य धार्मिक स्थलों पर आने में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े इसके लिए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को बेहतर गुणवत्ता वाली सड़कों का निर्माण करने के भी निर्देश दिए हैं । वाहन ओवरलोडिंग के संबंध में कार्रवाई करने के दिए निर्देश साप्ताहिक बैठक में जिला परिवहन अधिकारी के अनुपस्थित होने पर श्रीमती भारद्वाज द्वारा उन्हें नोटिस जारी किया गया। बैठक में वाहन ओवरलोडिंग के संबंध में विस्तार से चर्चा की गई एवं संबंधित अधिकारियों को वाहन ओवरलोडिंग के संबंध में कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वह उन आंगनबाड़ी केंद्र एवं स्कूलों की सूची उपलब्ध करवाएं जहां पर पानी, बिजली एवं शौचालय की समुचित व्यवस्थाएं मौजूद नहीं है। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि वह निर्धारित समय में छात्रों को साइकिल वितरण करना सुनिश्चित करें एवं समाचार पत्रों में आ रहे नेगेटिव खबरों के संबंध में समुचित कार्रवाई कर आमजन को राहत पहुंचाएं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर जल पहुंचाने एवं शेष बचे कार्यों को गति के साथ करने के निर्देश दिए गए हैं।ये थे उपस्थित इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर संतोष मीना, नगर परिषद आयुक्त मनोज मीना, अधीक्षण अभियंता पीएचईडी विजय सिंह कुंतल, अधिशासी अभियंता कामां रमेश चंद्र सैनी, उपनिदेशक पशुपालन विभाग भावना यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।