समर्थन मूल्य पर 10 मार्च से होगी गेहूं की खरीद

-गेहूं खरीद की आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु जिला कलक्टर ने की समीक्षा


बारां, 7 फरवरी। रबी विपणन वर्ष 2024-25 में समर्थन मूल्य पर किसानों से गेहूं खरीद की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को लेकर जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। उन्होने सभी उपखंड अधिकारियों को कहा कि खरीद केन्द्रों पर माकूल व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें जिससे किसानों को किसी तरह की परेशानी ना हो। जिला कलेक्टर ने क्रय केन्द्रों पर छाया, पानी, सुरक्षा, त्रिपाल संबंधी समुचित व्यवस्था करने बाबत संबंधित सचिव कृषि उपज मंडी को निर्देशित किया है। उन्होंने कहा कि भण्डारण एवं बारदाना के समुचित प्रबंध रहें।

रसद अधिकारी रजत विजयवर्गीय ने समीक्षा बैठक में कहा कि जिले में रबी विपणन वर्ष 2024-25 के तहत 10 मार्च 2024 से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूँ की खरीद शुरू कर दी जाएगी। जिसका पंजीकरण 20 जनवरी 2024 से शुरू हो चुका है। इस बार सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य 2275 रुपए प्रति क्विटल रखा गया है, साथ ही 125 रुपए का बोनस राज्य सरकार द्वारा दिया जाएगा और 48 घंटो के भीतर 2400 रुपए प्रति क्विटल का भुगतान सीधे किसान के खाते मे किया जाएगा। किसान समर्थन मूल्य पर गेहूँ विक्रय हेतु उेचचतवबण्तंरंेजींदण्हवअण्पद पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते है। किसानों को ऑनलाइन पंजीकरण में कोई परेशानी आती है तो किसान राज्य सरकार के हेल्पलाईन नंबर 18001806030 पर पंजीकरण एवं खरीद सम्बन्धी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संपर्क कर सकते हैं।

जिले में 28 केंद्रों पर होगी समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद
जिले समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद के लिए 28 केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें भारतीय खाद्य निगम के 6, राजफेड के 16 तथा तिलम संघ 5, नैफेड के 1 खरीद केंद्र शामिल है। भारतीय खाद्य निगम के द्वारा 6 खरीद केन्द्र बारां, एफएसडी बारां, सीसवाली, मांगरोल, छबड़ा, समरानियां में केन्द्र निर्धारित किए गए हैं। इसी तरह राजफेड द्वारा कुल 16 केन्द्रों में केलवाड़ा, सुभाष घट्टी, देवरी, कस्बाथाना, खण्डेेला, सीताबाड़ी, पलायथा, पाटून्दा, ठीकरिया, मिर्जापुर, बमोरी कलां, विष्णु खजुरना कलां, सहरोद जीएसएस, कटावर जीएसएस, बडौरा जीएसएस, छीपाबड़ौद तथा तिलम संघ ने किशनपुरा, बोरदा, उमेदपुरा, नाहरगढ़, सोभागपुरा व अंता वहीं नेफेड द्वारा अटरू में केन्द्र निर्धारित किए है। बैठक में एसडीएम दीपक मित्तल, संबधित अधिकारी एवं क्रय एजेंसियों के सदस्य मौजूद रहे।