उधारी मांगी तो बदमाश ने दुकानदार के सिर पर तान दी पिस्तौल, किये तीन फायर, सोशल मीडिया पर VIDEO वायरल

जयपुर। जोधपुर जिले के लोहावट में दुकानदार द्वारा उधारी मांगे जाने पर एक बदमाश ने उसके सिर पर पिस्तौल तान दी। दुकान पर तीन फायर किये जिसमें दुकान के कांच टूट गये। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें बदमाश को फायर करते हुए देखा जा सकता है।

पानी की बोतल नहीं देने से हुआ बवाल

दरअसल, जाटाबास चौराहे पर कैलाश प्रजापत मिठाई की दुकान चलाता है। दुकान पर विशाल खींचड नाम का एक व्यक्ति आया जिसने दुकानदार कैलाश से पानी की बोतल मांगी। विशाल पर पुरानी उधारी होने के कारण दुकानदार ने पानी की बोतल देने से मना कर दिया और पुरानी उधारी चुकाने की बात कही। इस बात पर विशाल खींचड को गुस्सा आ गया और पिस्तौल कैलाश के सिर पर तानी दी। विशाल ने एक के बाद एक तीन फायर किये। दुकानदार काउंटर पर नीचे की तरफ बैठ गया और गोली काउंटर पर लगी जिससे वहां लगे कांच टूट गये।

कैलाश ने संपूर्ण घटना की जानकारी देते हुए बताया- 'जब मैंने उससे पुरानी उधारी के रुपए मांगे तो वह भड़क गया और पिस्तौल निकालकर मेरे सिर पर तान दी। उसने मुझ पर तीन फायर किये लेकिन में समय रहते नीचे झुक गया और बच गया। गोली पीछे काउंटर में जा लगी। फायरिंग में काउंटर के कांच टूट गए।'

घटना के बाद CCTV से बदमाश की पहचान कर ली गई और पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। बदमाश की तलाश में पुलिस ने कस्बे में कई जगह छापेमारी की। दुकानदार कैलाश प्रजापत ने लोहावट थाने में मामला भी दर्ज करवाया है।