जयपुर। मौसम विभाग जयपुर ने बताया है कि राजस्थान में मंगलवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा जिससे प्रदेश में बारिश होने के साथ ओले भी गिरने की संभावना है। यह विक्षोभ पाकिस्तान की तरफ से आ रहा है जिससे पश्चिमी राजस्थान में सर्दी और भी बढ़ने वाली है।
मौसम विभाग ने बताया कि इस विक्षोभ के असर पूरे राजस्थान में पड़ेगा। और पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर संभाग के अलावा जयपुर, अजमेर संभाग में ओलावृष्टि हो सकती है। इस पश्चिमी विक्षोभ का असर राजस्थान में 7 जनवरी तक रहने वाला है। और इसका सबसे ज्यादा असर 5 जनवरी हो रहने वाला है।
जयपुर मौसम केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि पाकिस्तान क्षेत्र से आ रहे इस विक्षोभ से आज देर शाम या रात से बीकानेर, जोधपुर संभाग के अलावा जयपुर, अजमेर संभाग में हल्के बादल होने शुरू हो जायेंगे और 4 जनवरी को पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है।
बारिश से बढ़ेगी सर्दी
प्रदेश वासियों को फिलहाल सर्दी से राहत मिलती हुई नहीं दिखाई दे रही है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट होगी ओर सर्द लहर भी चल सकती है। वहीं आज के मौसम की बात करें तो अधिकांश जगह धूप निकली, लेकिन लाेगों तेज सर्दी से कोई खास राहत नहीं मिली। जयपुर में सुबह से हल्की गति से सर्द हवाएं चल रही है। वहीं न्यूनतम तापमान जयपुर में आज 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे कम तापमान आज फतेहपुर में 2.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं चूरू, करौली में आज न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज हुआ।