जयपुर। चीनी स्मार्टफोन निर्माता Xiaomi अपने आगामी नये फ्लैगशिप फोन को लॉन्च करने के लिए कमर कस रही है। शाओमी का यह फोन एमआई 12 होगा। इस फोन के लॉन्च होने से पहले इसके कुछ प्रमुख फीचर्स लीक हुए हैं। पहले भी इस फोन के फीचर्स लीक हो चुके हैं, लेकिन फिलहाल फोन के प्रोसेसर और रैम के बारे में जानकारी सामने आयी है। आइये इन फीचर्स की जानकारी आपको देते हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक इस लीक को आइस यूनिवर्स नामक लीकर ने आउट किया है। इस लीक से मिली जानकारी के अनुसार Mi 12 में LPDDR5X रैम जोड़ी जा सकती है। वहीं फोन को क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 898 प्रोसेसर से लैस किया जा सकता है। इस प्रोसेसर की घोषणा फिलहाल नहीं की गई है। उम्मीद है कि ये प्रोसेसर दिसंबर में लॉन्च कर दिया जायेगा।
Xiaomi का आगामी फ्लैगशिप फोन LPDDR5X RAM को सपोर्ट करने वाले पहले स्मार्टफोन में से एक होने की उम्मीद है, जिसकी घोषणा हाल ही में की गई थी। LPDDR5X RAM पिछली रैम्स के मुकाबले काफी फास्ट है। यह 8,522Mbps की डेटा ट्रांसफर दर प्रदान करता है, जो कि अपने पूर्ववर्ती की 6,400Mbps गति से तेज है।
फिलहाल फोन के लॉन्च की कोई भी आधिकारिक जानकारी मौजूद नहीं है। ना ही शाओमी ने लॉन्च डेट की घोषणा की है। लेकिन, अफवाह है कि इस फोन दिसंबर के अंत में लॉन्च होगा और इस फोन में बहुत कुछ एमआई 11 की तरह देखने मिलेगा। वहीं संभावित कैमरा की बात करें तो फोन में सैमसंग और ओलंपस द्वारा बनाए गए 200-मेगापिक्सल का मुख्य कैमरा दिया जा सकता है। फोन में एक हाई रिफ्रेश रेट के साथ कर्व्ड डिस्पले देखने को मिलेगी। वहीं फोन में हमें 120W फास्ट चार्जिंग के साथ एक बड़ी बैटरी देखने को मिल सकती है।