युवाओं ने राष्ट्रीय स्तर के प्रतिभागी का किया उत्साहवर्धन, बूंदी लौटने पर किया स्वागत
बूंदी, 20 जनवरी। नेहरू युवा केन्द्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार द्वारा युवा दिवस पर 12-16 जनवरी तक नासिक, महाराष्ट्र में आयोजित राष्ट्रीय युवा महोत्सव में प्रतिभाशाली युवा शिखर पंचोली ने बूंदी जिले का प्रतिनिधित्व किया। पंचोली ने महोत्सव के अंतर्गत यूथ-समिट, एडवेंचर, योग व अन्य प्रतियोगी गतिविधियों में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। युवा संभागी के बूंदी पहुँचने पर बालचंद पाड़ा स्थित हनुमान मन्दिर में केन्द्र से जुड़े योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी की अगुवाई में युवा स्वयंसेवको द्वारा सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया।
योगी ने माल्यार्पण कर युवा प्रतिभागी को भारत सरकार द्वारा उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रदत्त प्रशस्ति-पत्र व अन्य सामग्री भेंट कर उत्साहवर्धन किया। योगी ने कहा कि ये महोत्सव ग्रामीण युवा प्रतिभाओ को मंच प्रदान कर सशक्त एवं सुविकसित रूप प्रदान करते हैं। युवा इन कार्यक्रमों के तहत विविध कलात्मक गतिविधियों में भाग लेकर बौद्धिक क्षमता व सृजनात्मकता के स्तर में वृद्धि कर सकते हैं। राष्ट्रीय युवा प्रतिभागी पंचोली ने युवा स्वयंसेवको से महोत्सव के तहत आयोजित क्रियाकलापों के विषय में जानकारी देते हुए अनुभव साझा किये। नीरज पोसवाल, रोहन गुर्जर, आदित्य, विवेक व अन्य युवाओं ने सक्रिय भूमिका द्वारा आयोजन में सहभागिता की.